- Home
- /
- ‘हज हाऊस खाली कराने नई मुंबई में हज...
‘हज हाऊस खाली कराने नई मुंबई में हज टर्मिनल’

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नई मुंबई में एयरपोर्ट के निकट खारघर में प्रस्तावित हज टर्मिनल एवं हज कमेटी ऑफ इंडिया का कैंप आफिस विवादों में घिर गया है।आल इंडिया हज सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष नौसद अहमद आजमी ने प्रस्तावित हज टर्मिनल के निर्माण को एक साजिश करार दिया है। आजमी के मुताबिक यह मुंबई में क्राफ्ट मार्केट के निकट बने 19 मंजिल हज हाउस की इमारत को खाली कराने का षडयंत्र है। जबकि राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नवाब मलिक ने हज हाउस की इमारत को खाली कराने की साजिश से जुड़े आरोपों का खंडन किया है। मलिक ने कहा है कि नए टर्मिनल के निर्माण में कुछ भी गलत नहीं है। सरकार लोगों को बेहतर सुविधांए देना चाहती हैं।
इस मसले पर राज्य के मुस्लिम मंत्रियों व विधायकों को लिखे पत्र में श्री आजमी ने कहा है कि सेंट्रल हज कमेटी के पैसे से नई मुंबई में हज हाउस के लिए जमीन खरीदना कई वर्षो से हज यात्रियों से लिए जा रहे पैसों का दुरुपयोग है। मुंबई में पहले से हज हाउस मौजूद है। लोगों को हज यात्रा के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से प्लाइट पकड़नी पड़ती है। यदि वास्तव में एक और हज हाउस व हज टर्मिनल की जरुरत थी तो इसके लिए राज्य सरकार को जमीन उपलब्ध करानी चाहिए। जैसे दूसरे राज्यों में हुआ है।
18 करोड़ में खरीदी गई जमीन
हज कमेटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डाक्टर एम ए खान ने इस बारे में कहा कि खारघर में 18 करोड़ रुपए में सिडको की 6 हजार वर्गमीटर जमीन खरीदी गई है। जिसका इस्तेमाल हज टर्मिनल व कैंप ऑपिस बनाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हजयात्री मुंबई को यात्रा के लिए सुगम जगह मानते हैं। इसलिए मुंबई में देश अथवा राज्य के हजयात्रियों की काफी भीड़ देखने को मिलती है। इसलिए हज टर्मिनल व कैंप आफिस की जरुरत महसूस की गई है। वहीं कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने कहा कि उन्हें श्री आजमी का पत्र मिला हैं। मुंबई में हज हाउस भारतीय हज यात्रियों व अन्य मुस्लिमों के दान से बना है। कोई भी मुंबई से हज हाउस को नहीं हटा सकता है।
Created On :   14 Aug 2021 5:37 PM IST