हज यात्रा के लिए निकले हाजी का हरमशरीफ में निधन, हज हाउस में अब जाकर शुरू हुई स्वास्थ्य सुविधा

Haji dies in Harim Sharif during Haj pilgrimage akola maharashtra
हज यात्रा के लिए निकले हाजी का हरमशरीफ में निधन, हज हाउस में अब जाकर शुरू हुई स्वास्थ्य सुविधा
हज यात्रा के लिए निकले हाजी का हरमशरीफ में निधन, हज हाउस में अब जाकर शुरू हुई स्वास्थ्य सुविधा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अकोला निवासी हाजी अतिकुर्र रहमान खान (कवर नंबर एमएचएफ 35329-2) का बुधवार की सुबह 11.15 बजे निधन हो गया। सऊदी अरब के हरमशरीफ में उनका निधन होने की जानकारी मिली है। नागपुर इंबार्केशन सेंटर से 31 जुलाई को पीएफ 5363 विमान से जेद्दाह के लिए रवाना हुए थे। महाराष्ट्र हज कमेटी को दोपहर उनके निधन की सूचना मिलने की जानकारी सेंट्रल तंजीम कमेटी के सचिव मोहम्मद कलाम ने दी। उन्होंने बताया कि हज कमेटी की ओर से मृतक के परिवार के एक सदस्य को हरमशरीफ पहुंचने की अनुमति दी गई है।

आखिरकार हज हाउस में शुरू हुई स्वास्थ्य सुविधा
आखिरकार हज हाउस में महानगरपालिका की ओर से हज यात्रियों को स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने के लिए दवाखाना खोला गया। दैनिक भास्कर की ओर से लगातार दवाखाना नहीं खोले जाने का मुद्दा उठाया जाता रहा है। चार दिन बाद मनपा ने दवाखाना खोला। 

उल्लेखनीय है कि 22 जून को विभागीय आयुक्त कार्यालय में हुई बैठक में मनपा को दवाखाना खोलने के निर्देश दिए थे, लेकिन मनपा ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मंगलवार को सुबह हज हाउस में अकोला की महिला यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई, लेकिन उनका इलाज करने के लिए वहां कोई डाॅक्टर नहीं था। सेवाभावी संस्था अशरा फाउंडेशन के डॉक्टर ने महिला यात्री का इलाज किया, जिसके कारण वह हज पर जा सकी। मनपा द्वारा दवाखाना नहीं खोले जाने के मुद्दे को दैनिक भास्कर ने हज यात्रा के पहले दिन और बुधवार को प्रमुखता से उठाया था। पार्षद जुल्फेकार अहमद भुट्‌टो ने मंगलवार को मनपा के स्वास्थ्य अधिकारी डा. अनिल चिव्हाणे को पत्र लिखकर हज यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते दवाखाना खोलने की मांग की थी।

हज यात्रा के चौथे दिन बुधवार को नागपुर इंबारकेशन सेंटर से तीन फ्लाइट में 459 यात्री जेद्दाह के लिए रवाना हुए। सेंट्रल तंजीम कमेटी के अध्यक्ष हाजी अ. कदीर के नेतृत्व में उपाध्यक्ष शाहिद नसीम खान, सचिव हाजी मो. कलाम सदस्य अजीज खान, नियाज अहमद, आफी खान, मतीन रहमान, मौलाना महबूब आदि ने हज यात्रा की व्यवस्था संभाली। जेद्दाह के लिए रवाना तीनों फ्लाइट में 153-153 यात्री सवार थे। 

GST रद्द करें : अनीस
अल्पसंख्यक मामलों के पूर्व मंत्री अनीस अहमद ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा हज यात्रा पर लगाई गई 18 प्रतिशत GST हटाने की मांग को लेकर केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी तथा विदेशमंत्री सुषमा स्वराज को पत्र लिखा है। उन्होंने हज यात्रियों से 18 प्र.श. GST वसूले जाने को अन्याय बताया है। उन्होंने वित्त मंत्रालय के परिपत्रक का हवाला देकर कहा कि परिपत्रक में हज यात्रा को धार्मिक यात्रा करार देते हुए हज यात्रियों को GST में छूट दिए जाने की बात कही है। दूसरी ओर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि हज यात्रियों को GST का भुगतान करना होगा, क्योंकि वे एयरलाइन की सेवाओं का उपयोग करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी टूर के यात्रियों से सिर्फ 5 प्रश GST ली जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रति यात्री 40 हजार रुपए अधिक किराया लिया जा रहा है। यह यात्रियों के साथ बड़ी लूट है। 

Created On :   2 Aug 2018 5:25 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story