धाबे में युवती पर छींटाकशी के बाद भारी बवाल

Heavy uproar after splattering on a girl in Dhaba
धाबे में युवती पर छींटाकशी के बाद भारी बवाल
धाबे में युवती पर छींटाकशी के बाद भारी बवाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर दो पुरुष मित्रों के साथ भोजन करने गई युवती को देखकर छींटाकशी करने वाले 5 मनचले युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम श्वेतांक उर्फ अनिकेत नरसिंग रामटेके (21), मयूर राजू बनकर (18) न्यू बाबुलखेडा, रामेश्वरी और शुभम संजय सोनी धोबी घाट, बाबुलखेड़ा  निवासी  हैं। तीनों आरोपियाें को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। खास बात यह है कि आरोपियों ने खिलौना-पिस्तौल से यह कारनामा किया। 

5 के खिलाफ शिकायत 
पुलिस सूत्रों के अनुसार विट्‌ठलनगर मानेवाड़ा रोड निवासी अनूप सिंह ने बेलतरोड़ी थाने में 5 आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गत 11 दिसंबर को वह अपनी महिला मित्र और एक दोस्त के साथ वर्धा रोड पर लक्की ढाबा पर भोजन करने गए थे। ढाबे में आरोपी श्वेतांक उर्फ अनिकेत रामटेके, मयूर बनकर और शुभम सोनी भी अपने अन्य दो मित्रों के साथ था। तब रात के करीब 12.15 से 12.30 बजे थे। आरोपियों में किसी ने अनूप सिंह की महिला मित्र को देखकर छींटाकशी कर दी। 

हरकत पर टोकते ही करने लगे विवाद  
अनूप के मित्र हेमंत कुबड़े ने ऐसा करने से मना किया। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद होने लगा। अनिकेत और उसके साथी ने हेमंत के साथ गाली-गलौज कर धक्का मुक्की करने लगे। इसी बीच, अचानक अनिकेत ने पिस्तौल निकाली और हेमंत के सिर पर तान दी। पीछे धकेलते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। मामला बिगड़ते देख ढाबे में बैठे बाकी ग्राहक भाग निकले। पूरा ढाबा खाली हो गया। इस बीच एक व्यक्ति ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दे दी। बेलतरोड़ी थाने का एक दल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी अनिकेत रामटेके,  मयूर बनकर और शुभम सोनी को गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों आरोपियों के दो साथी भाग खड़े हुए। 

अब जेल में हैं आरोपी 
पुलिस ने पिस्तौल जब्त कर ली। जांच की तो पता चला कि वह बच्चों के खिलौने वाली नकली पिस्तौल है। सभी आरोपियों पर पुलिस ने धारा 143,148,149, 294,506(ब) के तहत मामला दर्ज कर उक्त तीनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। 

Created On :   13 Dec 2020 2:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story