- Home
- /
- फ्रीडम ऑफ स्पीच का अर्थ लोगों काे...
फ्रीडम ऑफ स्पीच का अर्थ लोगों काे अपशब्द कहना नहीं है : हेमा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध गायिका हेमा सरदेसाई फ्रीडम ऑफ स्पीच के बहाने एक दूसरे के बारे में कहे जाने वाले अपशब्दों को लेकर संविधान में संशोधन चाहती हैं। उनका कहना है कि लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजे सामने आने के बाद सिविल सोसाइटी व अन्य नागरिक संस्थाओं के साथ इसके लिए जनांदोलन शुरू करना चाहती हूं। उन्होंने यह विचार बुधवार को दैनिक भास्कर कार्यालय में सहयोगियों से चर्चा के दाैरान जाहिर किया। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की बुआ की बेटी होने के बावजूद उन्होंने कहा कि राजनीति उनका क्षेत्र नहीं है।
उठाया था शोषण का मुद्दा
हेमा सरदेसाई ने कहा कि मीटू के काफी पहले उन्होंने बॉलीवुड में शोषण के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने बताया कि सफलता के लिए समझाैता नहीं करना ही उनके जीवन की सबसे बड़ी सफलता है। आज भी वे लड़कियों को यही संदेश देती हैं कि अपनी प्रतिभा पर विश्वास करो और आगे बढ़ों।
पहले हॉलीवुड में गाया गाना
हेमा सरदेसाई ने बताया कि वे एकमात्र बाॅलीवुड गायिका हैं जिन पर हॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार व ग्रैमी अवार्ड विजेता टोनी मर्सिडीज ने गाने का प्रस्ताव दिया था। इसके साथ ही जर्मनी में ग्रैंड पिक्स अवार्ड जीत चुकी हैं। यूरोप में आयोजित इंटरनेशनल यूनिसेफ कॉनसर्ट में गा चुकी हैं। वर्ष 2017 में अमेरिका में उनका एलबम पॉवर ऑफ लव आ चुका है। भविष्य में भी वे टोनी मर्सिडीज के साथ अंतरराष्ट्रीय एलबम में काम करने वाली हैं।
ये गाने रहे हिट
हेमा सरदेसाई ने बॉलीवुड फिल्मों के लिए कई गाने गाए हैं, और कई इंडिपॉप एल्बम जारी किए हैं। सरदेसाई का विशेष रूप से 1997 फिल्म में आवारा भवरे काफी हिट रहा। उनके कुछ अन्य प्रसिद्ध गीतों में इश्क सोना है ( बीवी नंबर 1 ), चली चली फेरी चली ( बागबान ) और बादल पे पांव है ( चक दे! भारत ) शामिल हैं। अवारा भंवरे, बादल पे पांव है, जंगल है आधी रात है, इश्क चांदी है, मैं कुड़ी अनजानी हो सहित 100 से ज्यादा गीत गा चुकी हैं। उनके गाए अधिकतर गीत सुपरहिट रहे हैं। इसके साथ ही भारत के लगभग सभी भाषाओं में गा चुकी हैं।
Created On :   9 May 2019 11:03 AM IST