- Home
- /
- लॉकडाउन में बेरोजगार हो करने लगा...
लॉकडाउन में बेरोजगार हो करने लगा गांजे की तस्करी, 24 लाख का माल जब्त

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लॉकडाउन में टैक्सी का रोजगार बंद हो जाने पर एक टैक्सी चालक 25 हजार रुपए कमाने के चक्कर में गांजा की खेप लेकर जाते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी का नाम अजय भट्ट है। वह दिल्ली में उबेर टैक्सी चलाता था। लॉकडाउन और किसान आंदोलन के चलते उसका रोजगार छिन गया। परिवार को पालने के लिए उसने गांजे की खेप ले जाने का काम शुरू किया। क्राइम ब्रांच के मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने गुप्त सूचना मिलने पर उसे आउटर रिंग महालगांव कापसी उड़ानपुल इलाके में 24 लाख रुपए के गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया। नई दिल्ली निवासी अजय भट्ट बड़े प्रमाण में गांजे की खेप दिल्ली लेकर जा रहा था। मादक पदार्थ विरोधी दस्ते की इस वर्ष की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है।
दो राज्यों को पार कर पहुंचा
दस्ते के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सार्थक नेहेते को इसकी सूचना मिली। नेहेते ने सहयोगियों के साथ आउटर रिंग महालगांव कापसी उड़ानपुल इलाके में नाकाबंदी की। दस्ते ने कार (एचआर 55 वी 5583) को रोका। कार में आरोपी अजय खेमानंद भट्ट विकास नगर, नई दिल्ली निवासी सवार था। पुलिस ने कार की तलाशी ली। कार में पीछे में 160 किलो 394 ग्राम गांजा मिला। यह गांजा 6 बोरी में भरा हुआ था। इस गांजे की कीमत करीब 24 लाख 5 हजार 910 रुपए बताई गई है। आरोपी अजय भट्ट के खिलाफ पारडी थाने में मामला दर्ज किया गया।
आरोपी यह माल विशाखापट्टनम के अन्नापुरम इलाके से खरीदकर दिल्ली ले जा रहा था। हैरान करने वाली बात तो यह है कि वह दो राज्यों को पार कर नागपुर में पहुंच गया और उसके बाद पुलिस गिरफ्त में आया। आरोपी से गांजा, 2 मोबाइल फोन और कार सहित 31 लाख 26 हजार 910 रुपए का माल जब्त किया गया है। आरोपी पर पारडी थाने में मामला दर्ज किया गया है। मादक पदार्थ विरोधी दस्ते के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सार्थक नेहेते, सहायक पुलिस निरीक्षक सूरज सुरोशे, एएसआई राजेंद्रसिंह बघेल, हवलदार प्रदीप पवार, नामदेव टेकाम, विनोद गायकवाड व अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में सहयोग किया।
Created On :   1 April 2021 4:07 PM IST