- Home
- /
- एम्बुलेंस के इंतजार में तड़पता रहा...
एम्बुलेंस के इंतजार में तड़पता रहा युवक, डायल 100 से पहुंचाया अस्पताल

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/चौरई। नगर के बाइपास पर रविवार शाम तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में घायल बाइक सवारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। लेकिन एम्बुलेंस न मिलने से गंभीर रुप से घायल एक युवक ने दम तोड़ दिया। आखिरकार जब एम्बुलेंस नहीं आई तो घायलों को डायल 100 से अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि छिंदवाड़ा से सब्जी लेकर पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 28 जी 4479 सिवनी जा रही थी। इस दौरान लख्खा पिपरिया की ओर से आ रहे बाइक सवार अचानक बाइपास पर आ गए। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दुपहिया सवार युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप वाहन भी पलट गया। हादसे में घायल बोध ङ्क्षसह उईके (30) और उसके साथी को गंभीर चोटें आई थी। दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल ले जाने एम्बुलेंस नहीं मिली। इस दौरान गंभीर रुप से घायल बोध सिंह की मौत हो गई। वहीं एक युवक को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में दो एम्बुलेंस, दोनों खराब
नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो एम्बुलेंस वाहन है। देख-रेख के अभाव में दोनों वाहन कंडम हो चुके है। स्वास्थ्य महकमा 108 वाहन के भरोसे है। राष्ट्रीय राज्यमार्ग में बसे चौरई नगर में आए दिन हादसे होते है। ऐसे में इन एम्बुलेंस के सुधार की मांग की जा रही है।युवक को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है।
डायल-100 नहीं होती तो दूसरा भी तोड़ देता दम
बाइपास पर हुए सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायालों के प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एम्बुलेंस उपलब्ध न होने से डायल-100 से एक घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। जिससे उसकी जान बच सकी।
Created On :   24 Sept 2018 1:47 PM IST