- Home
- /
- करा रहा था मां का इलाज, दिल की...
करा रहा था मां का इलाज, दिल की बीमारी लगी पहुंचा हवालात

डिजिटल डेस्क, नागपुर । एकतरफा प्रेम के चलते डॉक्टर युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने और उसे जान से मारने की धमकी देने वाला फरार कुख्यात बदमाश पवन परमानंद मोरयानी (31) को पांचपावली पुलिस ने कोराडी रोड मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस दस्ते ने उसे दबोचा।
एकतरफा प्यार में दे दी जान से मारने की धमकी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 24 वर्षीय डॉक्टर युवती कमाल चौक में एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। कुछ दिनों पहले इस अस्पताल में आरोपी पवन मोरयानी की मां को बीमारी के चलते भर्ती किया गया। मां की देखभाल करने के लिए पवन अस्पताल में रुकता था। इस दौरान उसने डॉक्टर युवती से जान-पहचान कर ली। उसने युवती का नंबर हासिल कर लिया। वह मां की तबीयत की जानकारी उस डॉक्टर युवती को देने के बहाने से उसका मोबाइल का वाट्सएप नंबर लिया था। डॉक्टर युवती उससे एक मरीज के बेटे के नाते बातचीत करती थी। पवन काे लगने लगा कि वह उससे प्रेम करती है। वह उससे मोबाइल पर अनाप-शनाप बातें करने लगा था। इसलिए युवती ने उसका फोन आने पर जबाब देना बंद कर दिया था। गत 5 जनवरी को सुबह करीब 6.30 बजे डॉक्टर युवती अस्पताल में मौजूद थी। इस दौरान पवन अपने कुछ दोस्तों के साथ अस्पताल में पहुंचा। डॉक्टर युवती से उसने शादी करने की बात की। उसने इनकार किया तो अभद्र व्यवहार किया। जान से मारने की धमकी देने लगा। डॉक्टर युवती ने पांचपावली थाने में शिकायत की। पवन मोरयानी को जब यह बात पता चली तो वह फरार हो गया।
पुलिस के हाथ नहीं लग पा रहा था
पुलिस उसकी तलाश में रायपुर, बिलासपुर, इंदौर शहर में घूम रही थी। वह पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। दो दिन पहले पुलिस को पवन के बारे में पता चला। पवन की की बेटी की तबीयत खराब हो गई। उसे कोराडी मार्ग पर निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। बेटी से मिलने आने की खबर मिलते ही पांचपावली पुलिस ने पवन मोरयानी को धर-दबोचा। पांचपावली के वरिष्ठ थानेदार अशोक मेश्राम को पवन के अस्पताल में आने की खबर पता चलने पर जाल बिछाया गया। उसके बाद उसे फिल्मी स्टाइल में पुलिस ने दबोचा। पवन मोरयानी काफी विवादों में रहा है। इसके पहले उस पर पांचपावली पुलिस ने कार्रवाई किया था।
Created On :   1 Feb 2019 10:02 AM IST