नवतपा के दूसरे दिन बढ़ी तपन, उमस ने किया हलाकान

hotness increased in second day of nautapa in nagpur district
नवतपा के दूसरे दिन बढ़ी तपन, उमस ने किया हलाकान
नवतपा के दूसरे दिन बढ़ी तपन, उमस ने किया हलाकान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नवतपा शुरू हो चुका है और दूसरे दिन भी शहरवासियों को भीषण चुभती धूप परेशान करती नजर आई। शुक्रवार की देर रात शहर के कुछ क्षेत्रों में बारिश आने से तापमान में कमी आई, लेकिन शनिवार की सुबह से उमस नेे हलाकान कर रखा है।  रोहिणी नक्षत्र के शुरू होते ही नवतपा प्रारंभ हुआ और गर्मी ने भी अपना तीक्ष्ण रूप दिखाया। उपराजधानी में दिन का पारा गुरुवार की अपेक्षा 1 डिग्री ऊपर चढ़कर 45.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दो दिन में दिन के तापमान में 2.7 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि रात के तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। आर्द्रता सुबह 26 तथा शाम को 30 प्रतिशत रही। शनिवार की सुबह से ही बादलों की लुकाछिपी के बीच गर्मी अपना असर दिखा रही है।

गर्म हवा के थपेड़े कर रहे परेशान
मौसम के शुष्क होने से भी गर्मी की जलन अधिक महसूस होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती चक्र बना हुआ है। इससे निकली हुई द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से होते हुए तेलंगाना तक जा रही है। इसके अलावा एक चक्रवाती चक्र बिहार पर भी बना हुआ है। 28 मई तक पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में भी एक चक्रवाती चक्र सिर उठा सकता है। द्रोणिका के चलते कुछ नमी विदर्भ की ओर आई है। इससे गुरुवार शाम को नमी के स्तर में हल्की सी बढ़त दर्ज की गई।

अभी राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल लू से राहत के आसार नहीं हैं। तापमान कुछ और ऊपर की ओर जा सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती चक्र के प्रभाव से 28-29 मई को तेज हवाओं के साथ कुछ फुहारें उपराजधानी सहित विदर्भ के कुछ हिस्सों में आ सकती है। इस दौरान शाम के वक्त आंधी-तूफान आने के भी आसार बताए गए हैं।

Created On :   26 May 2018 2:21 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story