18 से ऊपर के कितने स्टूडेंट्स ने वैक्सीन ली, डेटा भेजे विश्वविद्यालय

How many students above 18 took the vaccine, University sends data
18 से ऊपर के कितने स्टूडेंट्स ने वैक्सीन ली, डेटा भेजे विश्वविद्यालय
18 से ऊपर के कितने स्टूडेंट्स ने वैक्सीन ली, डेटा भेजे विश्वविद्यालय

डिजिटल डेस्क, नागपुर । राज्य सरकार द्वारा हाल ही में राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय को आदेश दिया गया है कि वे अपने सभी विभागों और संलग्नित कॉलेजों में पता करें कि 18 वर्ष से ऊपर के कितने विद्यार्थियों ने वैक्सीन लगवाई है। राज्य सरकार ने विद्यार्थियों का नाम, पता, मोबाइल नंबर, आधार नंबर और अन्य तमाम जानकारी जल्द से जल्द भेजने के आदेश विश्वविद्यालय को जारी किए हैं। इस पर अमल करते हुए विवि ने भी सभी संलग्नित कॉलेजों को पत्र भेजकर तत्काल प्रभाव से जानकारी भेजने को कहा है। 

कितना प्रभावी है वैैक्सीनेशन अभियान
बताया जा रहा है कि इस कवायद के पीछे यह पता लगाने का उद्देश्य है कि सरकार का वैक्सीनेशन अभियान कितना प्रभावी साबित हो रहा है, लेकिन इसमें अनेक समस्याएं हैं। विद्यार्थी और कॉलेज प्रतिनिधियों के अनुसार सबसे पहली समस्या यह है कि वैक्सीनेशन केंद्रों पर वैक्सीन का अभाव है। लोगों को केंद्रों से खाली हाथ वापस लौटाया जा रहा है। दूसरा, वैक्सीन का स्लॉट बुक करना बड़ा मुश्किल है। स्लॉट खुलते ही कुछ मिनटों में बुक हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थी वैक्सीन लगवाएंगे कैसे? कॉलेजों की समस्या यह है कि उनके पास ऐसी कोई यंत्रणा या अधिकार नहीं है जिससे उन्हें वैक्सीनेशन का अधिकृत डेटा प्राप्त होता हो। उन्हें प्रत्येक विद्यार्थी से संपर्क करके पूछताछ करनी होगी। इसमें कितनी सच्ची और कितनी झूठी जानकारी मिलेगी, इसका भी कोई भरोसा नहीं है। 

बढ़ीं मुश्किलें
 ऐसे में राज्य सरकार के इस आदेश ने विश्वविद्यालय, कॉलेज और विद्यार्थियों तक की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। इस मामले में विद्यार्थी नेता वैभव बावनकर ने कहा है कि आदेश जारी करने के पूर्व राज्य सरकार को वैक्सीनेशन के पुख्ता प्रबंध करने चाहिए। वैक्सीन, उसके ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग की प्रणाली सुधारनी चाहिए। मुख्य बात यह कि कॉलेज यह डेटा कैसे जुटाएंगे, इस पर भी स्पष्टीकरण दिया जाना चाहिए। लॉकडाउन के इस दौर में इस प्रकार का डेटा जुटाना भारी मशक्कत का काम है।
 

Created On :   12 May 2021 10:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story