- Home
- /
- शादी में जाने की जिद में उलझे...
शादी में जाने की जिद में उलझे पति-पत्नी, दोनों जले

डिजिटल डेस्क,नागपुर। भाई की शादी में जाने की जिद और इसे लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला और उसका पति दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का इलाज जारी है। महिला की हालत गंभीर बनी है। घटना घरेलू विवाद के चलते देर रात जूनी कामठी थानांतर्गत हुई है। इस बीच प्रकरण दर्ज किया गया है।
ऐसे हुई घटना
कामठी खैरी निवासी रूपाली (32) गृहिणी है। वर्ष 2009 में उसकी शादी बापू गणवीर (45) से हुई है। बापू मजदूरी करता है। शादी के कुछ महीने बाद ही से बापू पत्नी रूपाली के चरित्र पर संदेह करने लगा था। इस बात को लेकर आए दिन उनमें विवाद होता था। उसकी पिटाई भी की जाती थी। रूपाली के मायके वालों को भी गाली-गलौज करता था, उन्हें घर भी नहीं आने देता था। प्रताड़ना के कारण करीब तीन चार वर्षों से रूपाली ने भी मायके वालों से लगभग संबंध ही खत्म कर दिए थे। रूपाली 7 वर्षीय एक बच्चे की मां है। पुत्र होने से रूपाली को उम्मीद थी कि पति के बर्ताव में सुधार होगा, लेकिन घटित प्रकरण से रूपाली का सोचना गलत साबित हुआ है। प्रताड़ना का दौर खत्म ही नहीं हो रहा था। इस बीच 19 फरवरी को रूपाली की मां उसके घर आई। दरअसल 18 मार्च को रूपाली के भाई की शादी है। जिस कारण उसने घर आकर रूपाली और बापू को शादी में अपने पसंद के कपड़े खरीदने के लिए 2 हजार रुपए दिए। उस वक्त बापू घर में नहीं था। शाम को जब बापू घर आया, तो रूपाली ने अपने भाई की शादी तय होने और मां द्वारा पकड़े खरीदने के लिए रुपए देने की जानकारी दी। मगर बापू खुश होने की बजाय रूपाली पर ही बरस पड़ा। भाई की शादी में न जाने की चेतावनी दी। रुपए लेने की बात पर उसकी पिटाई की। आखिरकार मंगलवार की रात भी उनमें इसी बात को लेकर विवाद हुआ। तैश में बापू रूपाली को खींचकर आंगन में ले आया और उस पर केरोसीन डाला और उसे आग के हवाले कर दिया। आग की लपटाें से घिरी रूपाली बापू से जा लिपटी, जिससे बापू भी झुलस गया। दोनों को मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया है। लेकिन रूपाली की हालत गंभीर है। इस बीच बापू के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है, जांच जारी है।
Created On :   22 Feb 2018 2:40 PM IST