- Home
- /
- आगामी चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन...
आगामी चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन का विचार : आठवले

डिजिटल डेस्क, अमरावती। आगामी मनपा और जिला परिषद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी (आठवले) और भारतीय जनता पार्टी गठबंधन का विचार है। इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष देवेन्द्र फडणवीस और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के साथ चर्चा हुई है। हमने उनसे गठबंधन में सीटें और सत्ता में भागीदारी मांगी है। इसको लेकर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। यह बात केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कही। वह शुक्रवार को सरकारी विश्राम गृह में आयोजित पत्र-परिषद में बोल रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व नगरसेवक प्रकाश बनसोड, रिपाई के मोहन भोयार, अशोक नागदेवे, सुनील रामटेके आदि उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि, रिपब्लिकन पार्टी (आठवले) की जिला में अच्छी टीम है, लेकिन उसे और मजबूत करने के लिए गांव स्तर पर शाखा बनाने पर काम किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी स्थानीय पदाधिकारियों को दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की भी बैठक ली।
विद्यार्थियों को छात्रवृति देने की प्रक्रिया करेंगे तेज
केंद्रीय मंत्री आठवले ने कहा कि, पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृति देने के लिए छात्रवृति योजना में आने वाली कठिनाइयों को दूर किए जा रहा है। पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों का शैक्षणिक प्रक्रिया में सहभाग बढ़ाने के लिए आवश्यक सुविधाएं देने के सभी जगह प्रयास शुरू हैं। छात्रवृति योजना की परेशानी को दूर कर उसे और तेज किया जाएगा। छात्रवृति के लिए मिलने वाले आवेदनों के दस्तावेजों की जांच कर उनको छात्रवृति दी जाती है। इस अवसर पर प्रादेशिक समाज कल्याण विभाग के उपायुक्त सुनील वारे उपस्थित थे। शैक्षिक सत्र पूर्ण होने की स्थिति में भी छात्रवृति न मिलने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री आठवले ने कहा कि, केंद्र सरकार ने छात्रवृति भेज दी है। राज्य सरकार को उसे बांटना चाहिए, यदि केंद्र सरकार से निधि नहीं आई होगी तो जल्द ही उसे दिलवाएंगे।
Created On :   20 Jun 2022 4:39 PM IST