- Home
- /
- तय समय पर प्रमाण-पत्र नहीं बना, तो...
तय समय पर प्रमाण-पत्र नहीं बना, तो अधिकारी पर लगेगा जुर्माना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा के स्वास्थ्य विभाग से संबंधित जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र तथा विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र को तय समय में बना कर नहीं दिया गया, तो संबंधित अधिकारी को भारी पड़ सकता है। उस पर 100 रुपए जुर्माने के अलावा प्रतिदिन के हिसाब से 50 रुपए का जुर्माना भी वसूला जाएगा। अधिकारी के धीमी गति से काम करने की सारी जानकारी सीआर बुक में भी दर्ज की जाएगी। सत्तापक्ष नेता संदीप जोशी की सूचना पर शनिवार को मनपा की आमसभा में महापौर नंदा जिचकार ने इसे मंजूर कर लिया।
कर सकते हैं शिकायत
संदीप जोशी ने बताया कि एक दिन में जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र लेने वालों को 100-100 रुपए, विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र 365 दिन के अंदर 1000 रुपए और 365 दिन से अधिक होने पर 1500 रुपए फीस देनी होगी। किसी व्यक्ति को तत्काल में सुविधा चाहिए, तो उसे तत्काल का शुल्क देना होगा, जबकि सामान्य व्यक्ति के लिए सामान्य शुल्क लगेगा। अधिकारियों की लेट-लतीफी पर अब उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा। तय समय में प्रमाण-पत्र नहीं मिलने पर आवेदक को शिकायत करनी होगी। अभी ऐसी कोई स्वतंत्र व्यवस्था नहीं है, जिससे अधिकारियों के काम नहीं करने पर सीधे कार्रवाई की जाए।
Created On :   21 Oct 2018 4:35 PM IST