- Home
- /
- बिजली नहीं मिली तो पांच जनरेटर...
बिजली नहीं मिली तो पांच जनरेटर लगवाकर कर दीं रोशन सड़कें

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। राज्यपाल के दो दिवसीय गड़चिरोली दौरे को लेकर राष्ट्रीय महामार्ग विभाग पूरी तरह मिशन मोड़ पर कार्य करते दिखायी दे रहा है। दो वर्ष से बंद पड़े राष्ट्रीय महामार्ग की स्ट्रीट लाइटें राज्यपाल के पहुंचने से पूर्व ही जगमगा उठी। जब नगर परिषद ने इस स्ट्रीट लाइट के लिए बिजली आपूर्ति देने से मना कर दिया तो विभाग ने स्वयं होकर 5 जनरेटर की व्यवस्था की और शहर की सारे पथदीपों में जान फूंक दी। विभाग की इस कार्यशैली को लेकर लोगों में आश्चर्य के साथ हर्ष भी व्यक्त किया गया। लेकिन यह हर्ष केवल तीन दिन तक ही रहेगी। तीन दिन बाद लगाए गए सभी जनरेटर हटा दिए जाएंगे और स्ट्रीट लाइटें पहले के भांति केवल शो-पीस बनकर रह जाएंगे। बता दें कि, राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी के दो दिवसीय गड़चिरोली जिले के दौरे के मुहाने पर शहर वासियों ने कई बदलाव होते देखा। जहां सड़कों की हालत बदतर थी, उसे रातांेरात ठीक किया गया। शहर के पानठेलों व फल विक्रेताओं की दुकानों को तीन दिन तक बंद रखा गया।
शहर के चप्पे-चप्पे पर जवानों की सुरक्षा का अनुभव भी शहरवासियों ने किया। साथ ही राष्ट्रीय महामार्ग पर बनाए गए डिवाइडर पर लोहे के सुरक्षा गार्ड भी लगाए गए। इतना ही नहीं लंबे अरसे से लगाए गए स्ट्रीट लाइटों को भी चंद मिनटों में ही शुरू किया गया। यह सारे बदलाव राज्यपाल के दौरे को लेकर किए गए। लेकिन इसके पूर्व न तो नगर परिषद ने किसी तरह के गंभीर कदम उठाए थे और न ही राष्ट्रीय महामार्ग विभाग ने। सर्वज्ञात है कि, केंद्रीय सड़क व यातायात मंत्री नितीन गड़करी के निरंतर प्रयासों के बाद जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय महामार्ग का निर्माण आरंभ हुआ। दो वर्ष पूर्व आरंभ किया गया यह निर्माणकार्य अब अपने अंतिम चरणों में है। सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें लगायी गयी हैं। लेकिन बिजली आपूर्ति के अभाव में इसे शुरू नहीं किया गया। मात्र राज्यपाल कोश्यारी के गड़चिरोली दौरे के मुहाने पर अपनी गलतियों पर परदा डालते हुए रातों-रात सभी पथदीपों को शुरू किया गया। लेकिन ये पथदीप केवल तीन दिन तक ही शुरू रखने की जानकारी मिली है। जिसके बाद शहर वासियों को फिर एक बार निराशा का ही सामना करना पड़ेगा।
Created On :   13 Oct 2021 1:33 PM IST












