- Home
- /
- प्रवेश के लिए विद्यार्थियों से...
प्रवेश के लिए विद्यार्थियों से अतिरिक्त शुल्क वसूला तो खैर नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कुछ ही दिन में 12वीं कक्षा के नतीजे जारी होंगे। इसके बाद राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के अंडरग्रेजुएट पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को पत्र जारी कर आगाह किया है कि वे प्रवेश प्रक्रिया में अतिरिक्त शुल्क न वसूले, वरना दोषी कॉलेजों पर विश्वविद्यालय सख्त कार्रवाई की जाएगी। हर बार कॉलेज प्रवेश के समय विद्यार्थियों से तय शुल्क से भी ज्यादा शुल्क वसूलते हैं। विद्यार्थियों को भी नहीं बताया जाता कि आखिर यह शुल्क किस चीज का लिया जा रहा है।
तय शुल्क ही लें
विवि के विद्यार्थी कल्याण विभाग संचालक डॉ. अभय मुद्गल ने यह पत्र जारी किया है। पत्र में कॉलेजों को स्पष्ट किया गया है कि विश्वविद्यालय ने जिस पाठ्यक्रम के लिए जितना शुल्क तय किया है, कॉलेज भी विद्यार्थियों से उतना ही शुल्क लें। इसी तरह शुल्क की रसीद में पूरा विवरण दें कि कौन सी मद में कितना शुल्क लिया गया है। इस दिशानिर्देश का उल्लंघन करने वाले कॉलेजों के खिलाफ विवि कार्रवाई करेगा।
विश्वविद्यालय विकास शुल्क में कटौती
विद्यार्थियों को एक और राहत देते हुए नागपुर विवि ने अपने "विश्वविद्यालय विकास शुल्क" में भी 50 प्रतिशत की कटौती की है। कोरोना संक्रमण के कारण आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे विद्यार्थियों को राहत देने के लिए विवि ने यह कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा शल्क में 75 प्रतिशत कटौती करते हुए कॉलेजों पर अनावश्यक सुविधाओं के नाम पर विद्यार्थियों से शुल्क वसूलने पर रोक लगा दी है। जल्द ही विश्वविद्यालय इस संबंध में परिपत्रक जारी करेगा।
Created On :   19 July 2021 3:10 PM IST