- Home
- /
- महाराष्ट्र में शिवसेना से गठबंधन न...
महाराष्ट्र में शिवसेना से गठबंधन न हुआ तो अकेले ताल ठोकने को तैयार बीजेपी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के लिए शिवसेना के साथ गठबंधन के लिए हमारा पूरा प्रयास होगा। इसके बावजूद यदि युति नहीं हो सकी तो अकेले लड़ने के लिए तैयार रहे। मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि चुनाव के लिए अभी से काम मे जुट जाईये। बुधवार को मुख्यंत्री ने अपने सरकारी आवास वर्षा पर भाजपा के विधायक, सांसद और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पार्टी के जनप्रतिनधियों का मार्गदर्शन किया। सूत्रों के अनुसार बैठक में मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं से कहा कि यह मान कर चलिए कि लोकसभा चुनाव के लिए शिवसेना के साथ पार्टी का गठबंधन होगा। फिर भी ऐन मौके पर बात नहीं बनती है तो पार्टी अकेले चुनाव लड़ने के लिए भी तैयार है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि लोकसभा चुनाव के लिए मार्च तक आचार संहिता लागू हो जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने पार्टी के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव की दृष्टि से समझाया कि अगले मार्च महीने तक किस तरह से जमीन पर काम करना है। उन्होंने पार्टी की तरफ से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एक सूची बनाकर दी। जिसके जरिए सभी कार्यकर्ता अपने इलाके में हर दिन व्यस्थ नजर आएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं को मतदाताओं से सीधे जुड़ने के लिए घर-घर संपर्क करने को कहा। इसके साथ ही सभी क्षेत्रों में पार्टी के पन्ना प्रमुख और शक्ति केंद्र प्रमुखों का सम्मलेन आयोजित करने को कहा। पार्टी के जिला अध्यक्षों को सीएम चषक का आयोजन हर जिलों में करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में राफेल के मुद्दे पर विपक्ष को आक्रमकता से जवाब देने और तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली हार पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में बहुत कम अंतर से हारे हैं। तीनो राज्यो में हमारी हार नहीं हुई है बल्कि सत्ता हस्तांतरण हुआ है। महाराष्ट्र कि स्थिति उन राज्यों से अलग है। यहाँ हमे इस बार 2 करोड़ वोट हाशिल करने हैं। पिछली बार भाजपा को महाराष्ट्र में 1डेढ़ करोड़ वोट मिले थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन विधायको को अपनी हार का खतरा महसूस हो रहा वे अभी से बता दे कि उनके इलाके के लिए क्या करने की जरूरत है।
भाजपा की बैठक में शिवसेना के विधायक चिखलीकर
भाजपा की बैठक में नांदेड़ की लोहा विधानसभा सीट से शिवसेना के विधायक प्रतापराव चिखलीकर भी पहुंचे। इससे साफ है कि चिखलीकर जल्द ही भाजपा में शामिल हो जाएंगे। बैठक में मुख्यमंत्री ने लोहा नगर परिषद चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने पर चिखलीकर का अभिनंदन किया। चिखलीकर ने ही लोहा नगर परिषद चुनाव में भाजपा को जीत दिलाई थी। चिखलीकर नांदेड़ मनपा चुनाव के समय से ही शिवसेना से नाराजगी के बाद भाजपा के करीब हो गए थे।
Created On :   20 Dec 2018 3:03 PM IST