- Home
- /
- पुलिस पर अवैध शराब विक्रेता का हमला
पुलिस पर अवैध शराब विक्रेता का हमला

डिजिटल डेस्क, दर्यापुर ( अमरावती)। अवैध शराब विक्रेता के यहां देर रात छापा मारने गए पुलिस दल पर जानलेवा हमला करने की घटना तहसील के थिलोरी ग्राम में घटित हुई। घटना में सहायक निरीक्षक और जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। जख्मी पुलिस अधिकारी व जवान को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जानकारी के मुताबिक तहसील के थिलोरी ग्राम में कई दिनों से अवैध शराब की बिक्री शुरू है। सोेमवार 23 जनवरी को थिलोरी ग्राम निवासी सुनील वाकपांजर के घर पर रात में भारी मात्रा में अवैध शराब का माल और बिक्री शुरू रहने की जानकारी दर्यापुर पुलिस को मिलते ही पुलिस के दल ने वाकपांजर के घर पर छापा मारकर शराब जब्त किया। पुलिस वाकपांजर से पूछताछ कर रही थी तभी वाकपांजर विवाद करने लगा। विवाद में सुनिल वाकपांजर, अनिल वाकपांजर, अमोल वानखडे, रंजना वाकपांजर ने पुलिस पर हमला कर दिया।
आरोपी अमोल वानखडे ने दर्यापुर थाने के सहायक निरीक्षक किरण अौटे और जवान नितेश देशमुख पर शराब की बोतल फेंककर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में घायल पुलिस अधिकारी और जवान को अन्य जवानों ने तत्काल पुलिस वाहन में दर्यापुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया। जहां उनकी हालत गंभीर रहने से अमरावती रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही थानेेदार प्रमेश आत्राम अपने दल के साथ थिलोरी ग्राम आ पहुंचे लेकिन तब तक मुख्य आरोपी सहित सभी आरोपी फरार हो गए। घटना के कारण थिलोरी ग्राम में तनावपूर्ण परिस्थिति निर्माण हो गई थी। दर्यापुर पुलिस ने सभी आरोपियों पर धारा 353, 307, 332, 333, 336, 186, 504, 34 व 65 के तहत मामला दर्ज किया है।
Created On :   25 Jan 2022 2:34 PM IST