यूपी में सरेआम पत्नी को पीटता रहा पति, भीड़ बनी मूक दर्शक : देखें वीडियो

यूपी में सरेआम पत्नी को पीटता रहा पति, भीड़ बनी मूक दर्शक : देखें वीडियो

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। पेड़ पर बंधी महिला अपनी जिंदगी के लिए गुहार लगा रही थी, बेरहम पति सरेआम बेल्ट और डंडों से उसे पीटे जा रहा था, दर्जनों की संख्या में जुटे लोग सिर्फ नजारा देख रहे थे, कुछ तो वीडियो बनाने में व्यस्त रहे लेकिन किसी ने भी महिला की मदद के लिए हाथ नहीं बढ़ाया। ये कोई फिल्मी कहानी नहीं बल्कि पत्नी पर बरपी पति की हैवानियत की असली तस्वीरें हैं। जो कि उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की हैं।

पंचायत के फरमान पर पत्नी की पिटाई

मामला बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के लौंगा गांव का है। यहां पंचायत के तुगलकी फरमान पर पति बिना कुछ सोचे समझे अपनी ही पत्नी पर बरस पड़ा और पत्नी को पेड़ पर बांधकर सरेआम बेल्ट और डंडों से पिटाई की। महिला पर किसी युवक के साथ भागने का आरोप लगाया गया है। पंचायत ने उसे सजा सुनाई जिसके बाद उसके पति ने ही ऐसी हैवानियत की।

हरकत में आया पुलिस-प्रशासन

दिल दहलाने वाली इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन भी हरकत में आ गया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति, गांव के पूर्व प्रधान और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है साथ ही सात नामजद और एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानिए आखिर क्या था पूरा मामला 

पीड़ित महिला लौंगा गांव की रहने वाली है। जानकारी के मुताबिक ये महिला कुछ दिन पहले अपनी खुशी से गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी और लगभग एक सप्ताह तक उसी के साथ रही। इसके बाद युवक के एक रिश्तेदार ने महिला को उसके गांव में वापस छोड़ दिया था। इस पूरी घटना ने गांव में हड़कंप मचा दिया। पराए मर्द के साथ महिला के जाने पर गांव में 20 मार्च को पंचायत बुलाई गई। पंचायत के फरमान पर महिला को पूरे गांव के सामने पेड़ पर बांध दिया गया। इसके बाद महिला का पति हैवानियत पर उतर आया और उसकी बेल्टों, डंडों से पीटने लगा। हालांकि महिला ने ग्रामीणों से गुहार भी लगाई लेकिन किसी ने भी उसकी बात नहीं सुनी।

मूक दर्शकों ने बनाया वीडियो

महिला पर घंटों बेल्ट और डंडे बरसते रहे लेकिन महिला को बचाने की बजाय गांव के किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित महिला ने भी आरोप लगाएं हैं कि घर के अंदर उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं। पीड़िता को इस वारदात के बारे में किसी को भी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

Created On :   23 March 2018 7:21 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story