- Home
- /
- पुरानी रंजिश : 5 लोगों ने मिलकर...
पुरानी रंजिश : 5 लोगों ने मिलकर किया युवक की हत्या का प्रयास, सभी हमलावर बेचते हैं सब्जी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गणेशपेठ क्षेत्र में पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक पर 5 आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया। घायल का नाम शैलेश कृष्णा उघडे (27) नई शुक्रवारी गणेशपेठ निवासी है। घायल को मेडिकल के ट्रामा सेंटर अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शैलेश उघडे गत 1 अप्रैल को रात करीब 11.30 बजे न्यु शुक्रवारी रामाजी की वाडी निरमा बिल्डिंग के पास, सुरज उमाटे के घर के नजदीक सेड के पास अपने मित्र के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। इस दौरान आरोपी बंटी कलंबे रामकुलर चौक, रामाजी की वाडी, नागपुर, अर्पित झाडे सोमवारी क्वार्टर, सक्करदरा, नागपुर , अंकित बोकडे तांडापेठ लाल दरवाजा , अद्रीया दीपक कोठीवाल छोटा ताजबाग, नागपुर और हर्षल मांदले रामकुलर चौक, गणेशपेठ, नागपुर निवासी वहां पर पहुंचे।
इन आरोपियों ने पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए शैलेश के साथ विवाद करने लगे। विवाद बढने पर आरोपियों ने चाकू से शैलेश पर हमला कर उसे गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। आरोपियों ने शैलेश के सीने, पैर और जांघ पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घायल शैलेश को उसके दोस्त ने उसे मेडिकल अस्पताल के ट्रामा सेंटर में पहुंचाया। जहां पर शैलेश का उपचार शुरू है। घायल शैलेश की शिकायत पर गणेशपेठ पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ धारा 307,143,147,148,149,188 व सहधारा 4,25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
सभी हमलावर बेचते हैं सब्जी
सूत्रों ने बताया कि शैलेश उघडे पर पर जानलेवा हमला करनेवाले सभी आरोपी कॉटन मार्केट में सब्जी बेचने का काम करते हैं। कॉटन मार्केट बंद होने के कारण बुधवार को सभी गाडीखाना परिसर में मैदान पर सब्जी बेचने की दुकान लगाई थी। इस जगह पर शैलेश का भाई शुभम घूम रहा था। शुभम के गुस्से से देखने के कारण सभी आरोपियों ने उसके साथ विवाद किया। कुछ नागरिकों की मध्यस्थता के चलते उनका विवाद छुडाया गया। बुधवार को शैलेश व बंटी एक दूसरे के सामने आ गए। इस दौरान शैलेश ने बंटी से मारपीट की। इस बात को लेकर बंटी गुस्से में था। 1 अप्रैल की रात करीब 11.30 बजे शैलेश व उसका मित्र घर के पास बैठे बातचीत कर रहे थे। बंटी व उसके साथी वहां आए और शैलेश पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। शैलेश के नीचे गिरते ही सभी भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर गणेशपेठ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
Created On :   2 April 2020 5:01 PM IST