- Home
- /
- रेस्टोरेंट में युवती व उसके मित्रों...
रेस्टोरेंट में युवती व उसके मित्रों ने मचाया उत्पात, तोड़फोड़

डिजिटल डेस्क, नागपुर। धरमपेठ स्थित रेस्टोरेंट में एक लड़की के मित्रों ने जमकर उत्पात मचाते हुए तोड़-फोड़ और हाथापाई की। घटना के पांच दिन बाद शनिवार को मामला थाने पहुंचा। प्रकरण दर्ज किया गया है।
यह है पूरा मामला
धरमपेठ खरे टाउन निवासी गौरांग अनुभव शिक्षार्थी (37) का धरमपेठ में ही कैफे इन्युजन्स नामक रेस्टोरेंट है। 15 मई को रात दस बजे उसके रेस्टारेंट के सामने एक कार (क्र. एमएच 40 केआर 5839) रुकी। कार में एक लड़की और उसके तीन मित्र थे। उनमें से एक विवेक चंदानी (बंगलुरु निवासी, उम्र 27) नामक युवक कार से उतरा और रेस्टोरेंट में गया। उसने लघुशंका करने के स्थान के बारे में पूछताछ की। बताया गया कि रेस्टोरेंट में टॉयलेट नहीं है। इस बात को लेकर वह गौरांग, वेटर सागर शर्मा और प्रबंधक प्रवण म्हैसेकर से विवाद करने लगा। विवेक ने तैश में आकर रेस्टोरेंट में तोड़-फोड़ करने लगा। मना करने पर हाथापाई पर उतारू हो गया।
लड़की ने माफी मांगी
इसके बाद गौरांग ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को प्रकरण की जानकारी दी। पुलिस के आने तक यह लोग भाग न जाएं, इस आशंका से गौरांग ने कार की चाबी निकालकर अपने पास रख ली। चाबी निकालते वक्त कार में बैठी कामठी निवासी लड़की ( 24) ने बताया कि वह कोरोना संक्रमित है। उस वक्त वह नशे की हालत में थी। कार में शराब की बोतलें भी पड़ी हुई थी। पुलिस को फोन करने की जानकारी मिलते ही लड़की ने गौरांग से माफी मांगी। नुकसान भरपाई का वादा िकया। तत्काल गूगल पे के जरिए गौरांग को पांच हजार रुपए भी दिए। इसके बाद गौरांग ने चाबी वापस कर दी। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते की बात चल रही थी, लेकिन इसी बीच, विवेक और उसके साथ के दोनों लड़के गौरांग और उसके कर्मचारियों को गालियां बकते हुए मारने की धमकी देने लगे। इस पर गौरांग ने पुलिस में शिकायत की। विभिन्न साक्ष्यों के पड़ताल के बाद पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज किया।
अहम सवाल
लड़की अगर संक्रमित थी, तो कार में युवकों के साथ सार्वजनिक स्थान पर क्यों घूम रही थी। उसके संपर्क में आए लोग भी संक्रमित हो सकते हैं, ऐसी आशंका जताई जा रही है। बहरहाल, लड़की के कोरोना संक्रमित होने की कागजी पुष्टि नहीं हो पाई थी। माना जा रहा है कि उसने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए झूठ का सहारा लिया हो। जांच-पड़ताल जारी है। इस बीच, लड़की ने गौरांग और उसके कर्मचारियों पर छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने गौरांग के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
Created On :   24 May 2021 9:58 AM IST