थिएटरों से इनकम हो नहीं रही, जेब से खर्च करना पड़ रहा

Income is not coming from theaters, out of pocket expenses
थिएटरों से इनकम हो नहीं रही, जेब से खर्च करना पड़ रहा
थिएटरों से इनकम हो नहीं रही, जेब से खर्च करना पड़ रहा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में राज्य सरकार ने 5 नवंबर से थिएटर खोलने की इजाजत दी थी। इजाजत मिलने के बाद थिएटर में तैयारी शुरू कर दी गई थी। इसके बाद 15 नवंबर से थिएटर खुले, लेकिन सिनेमा देखने के लिए  दर्शक ही नहीं पहंुच रहे हैं। इनकम हो नहीं रही है, बल्कि इसके रख-रखाव के लिए संचालकों को जेब से पैसा खर्च करना पड़ रहा है। 50 प्रतिशत बैठक व्यवस्था की गई है। शहर में 10 सिंगल स्क्रीन और 5 मल्टीप्लेक्स हैं। सिंगल स्क्रीन में पंचशील टॉकीज, कमाल टॉकीज, के सेरा सेरा, जसवंत तुली और जयश्री टॉकीज में अभी रिलीज हुई "सूरज पे मंगल भारी" सिनेमा दिखाया जा रहा है। मल्टीप्लेक्स भी खुलने की तैयारी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार जनवरी की शुरुआत में मल्टीप्लेक्स खुल सकते हैं। जिन सिनेमाघरों में फिल्में रिलीज हुई हैं, वहां तीन दिन में लगभग 50 दर्शक ही पहंुचे हैं। पहले इन सिनेमाघरों की कमाई 20 से 25 हजार प्रतिदिन हुआ करती थी, अब तीन में 500 रुपए भी मुश्किल से निकल रहे हैं। 

सैनिटाइजेशन पर आता है 1500 रुपए खर्च
दिवाली के दूसरे दिन से हम बहुत उत्साहित थे। ऐसा लगा कि, छुट्टी है तो दर्शक सिनेमा देखने आएंगे, लेकिन आज तीन दिन हो गए लगभग 50 दर्शक ही आए हैं। हर रोज सैनिटाइजेशन में 1500 रुपए का खर्च आता है। खर्च भी नहीं निकल पा रहा है। अभी हाल ही में रिलीज ‘सूरज पे मंगल भारी’ सिनेमा दिखाया जा रहा है, लेकिन दर्शकों का रुझान कम है। कोरोना के बाद दर्शक सिनेमा की जगह बाहर घूमना पसंद कर रहे हैं। पहले जहां 1000 सीट थीं, वो घटाकर 419 कर दी गई हैं। सरकार ने कोरोना संबंधी जो दिशा-निर्देश दिए उनका पालन करना आवश्यक है। -रोहित जायस्वाल, मैनेजर पंचशील टॉकीज

सिनेमाघरों में मूवी का फ्लो चाहिए
सिनेमाघर खुलने की इजाजत तो मिल गई है, लेकिन अभी तक कोई प्लेइंग प्राेग्राम नहीं है। अभी शहर के कुछ सिनेमाघरों मंे ‘सूरज पे मंगल भारी’ सिनेमा दिखाया जा रहा है, लेकिन सिनेमाघरों को मूवी का फ्लो चाहिए। जिस तरह  पहले हर सप्ताह मूवी रिलीज होती थी, वैसे होनी चाहिए, तभी दर्शकों का रिस्पांस समझ आएगा। अभी तो सिनेमाघरो को सैनिटाइजेशन आदि का खर्च बहुत ज्यादा है। साथ ही दर्शक पुरानी मूवी देखना पसंद नहीं करते हैं। प्रोड्यूसर नई मूवी रिलीज नहीं कर रहे हैं। हमें भी नई फिल्में रिलीज होने का इंतजार है।  मल्टीप्लेक्स की बात करें, तो ऐसी जानकारी मिली है कि, मल्टीप्लेक्स में इस सप्ताह से यशराज बैनर की पुरानी फिल्में दिखाई जा सकती हैं।  -आलोक तिवारी,संचालक जानकी टॉकीज

जनवरी तक खुल सकते हैं मल्टीप्लेक्स
सरकार ने सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स खोलने की इजाजत दे दी है। हमारे द्वारा पूरी तैयारी भी कर ली गई है, लेकिन फिलहाल कोई प्लेइंग प्रोग्राम नहीं है। मल्टीप्लेक्स का टिकट भी ज्यादा होता है। रखरखाव में खर्च ज्यादा होता है। मुझे यह जानकारी मिली है कि, मल्टीप्लेक्स में केवल पानी की बॉटल रखने की इजाजत दी गई है। मल्टीप्लेक्स जनवरी तक खुल सकते हैं। जनवरी में कई नई फिल्में रिलीज होने वाली हैं। इससे दर्शकों का रुझान बढ़ेगा। कोरोना के बाद से लोगों में डर बना हुआ है।   -हरीश हिरनवार, मैनेजर बुटी सिनेप्लेक्स 

Created On :   18 Nov 2020 10:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story