- Home
- /
- महाराष्ट्र में बढ़े 36 लाख मतदाता,...
महाराष्ट्र में बढ़े 36 लाख मतदाता, लोकसभा चुनाव के पहले फिर पुनर्निरीक्षण
डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में हाल ही में चलाए गए मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान 36 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। नए लोगों के जुड़ने के बाद राज्य में मतदाताओं की संख्या पौने नौ करोड़ तक पहुंच गई है। आगामी लोकसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग एक बार फिर मतदाता सूची का पुनर्निरीक्षण करेगा। इस दौरान मतदाताओं की संख्या और बढ़ सकती है। सत्रहवीं लोकसभा के लिए अगले साल अप्रैल-मई महीने में चुनाव अपेक्षित है। इसीलिए चुनाव आयोग मतदाता सूची अपडेट करने, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत लोगों के नाम मतदाता सूची से निकालने जैसे काम किए। इस दौरान मतदाताओं की संख्या में 36 लाख नए लोगों के नाम जुड़े। इससे पहले मतदाताओं की कुल संख्या 8 करोड़ 44 लाख 87 हजार 905 थी। चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक लोकसभा चुनाव के ऐलान से पहले एक बार और मतदाता सूची अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और 18 साल की उम्र से ऊपर लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
EVM को लेकर जागरूक अभियान
इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को लेकर कई राजनीतिक दल सवाल उठाते रहते हैं। आम लोगों में भी इसे लेकर भ्रम की स्थिति है। लोगों को लगता है कि EVM से छेड़छाड़ कर नतीजे बदले जा रहे हैं, इसीलिए लोगों के मन में उठ रही आशंकाओं को दूर करने के लिए चुनाव आयोग ने जिलाधिकारियों को जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके तहत अगले दो महीने जिलाधिकारी कार्यालय के कर्मचारी गांव गांव में जाकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपीटी के बारे में मतदाताओं को जानकारी देंगे। इस दौरान लोगों को समझाया जाएगा कि वोटिंग मशीन हैक नहीं की जा सकती और जिस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया गया हो वोट उसे ही गया है वीवीपीटी मशीन इसकी पुष्टि करेगा।
राज्य में 2 हजार से ज्यादा तृतीय पंथी मतदाता
महाराष्ट्र में तृतीयपंथी मतदाताओं की कुल संख्या 2025 है। इनमें से सबसे ज्यादा 456 मतदाता मुंबई उपनगर में हैं। इसके अलावा मुंबई शहर में 106 तृतीयपंथी मतदाता हैं। ठाणे में 351, पुणे में 141, अहमदनगर में 134 जबकि नागपुर में 89 तृतीयपंथी यानि किन्नर मतदाता हैं।
जिला पुरुष महिला तृतीयपंथी कुल मतदाता
नागपुर 1999760 1879110 89 3878959
अकोला 764754 704601 37 1469392
औरंगाबाद 1406016 1243607 18 2643641
चंद्रपुर 934502 879799 12 1814313
अमरावती 1207244 1127559 51 2334854
नाशिक 2237783 2022536 74 4260393
वर्धा 565527 531492 12 1097031
गडचिरोली 375004 360094 3 735101
Created On :   10 Dec 2018 4:32 PM GMT