- Home
- /
- चंद्रपुर में मनपा शालाओं की शिक्षा...
चंद्रपुर में मनपा शालाओं की शिक्षा का बढ़ रहा स्तर

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। मनपा स्कूलों में दी जानेवाली शिक्षा का व सुविधाअों का स्तर बढ़ गया है। पहले यह स्थिति नहीं थी। निजी स्कूलों की तुलना में विशेष सुविधा नहीं थी, जिससे विद्यार्थियों की संख्या कम हो रही थी लेकिन मनपा शिक्षकों ने ग्रीष्मकाल की छुटि्टयों में घर-घर जाकर अभिभावकों को शिक्षा का महत्व समझाया। स्कूलों में ई-लर्निंग के लिए अत्याधुनिक कम्प्यूटर व प्रोजेक्टर्स, रंग, चित्र सजावट, डेस्क बेंचेस, वॉटर कूलर्स, गणवेश आदि निजी स्कूलों जैसी सुविधा मुहैया करवाई, जिससे अब मनपा की स्कूलाें में विद्यार्थी संख्या का ग्राफ बढ़ रहा है। मनपा शालाओं का स्तर सुधर रहा है। इसी के तहत डिजिटल क्लास के साथ अब चंद्रपुर महानगर पालिका के सावित्रीबाई फुले शाला को कक्षा 10वीं तक मंजtरी मिली है, जिससे अब मनपा स्कूल में कक्षा पहली में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी 10वीं तक की शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।
सरकारी नियम के अनुसार किसी भी मनपा को कक्षा 8वीं तक स्कूल चलाने का अधिकार है। उसके आगे की कक्षाओं के लिए सरकार से अनुमति लेनी होती है। चंद्रपुर मनपा सावित्रीबाई फुले स्कूल तथा अन्य मनपा स्कूलें शुरुआत में कक्षा 4थीं तक मर्यादित थी। इसके बाद आयुक्त संजय काकडे, राजेश मोहिते उनके बाद आयुक्त विपीन पालीवाल के मार्गदर्शन में शिक्षणाधिकारी नागेश नित ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षा का स्तर, स्कूल की परिस्थिति, दृष्टिकोण इसमें आमूलचूल बदलाव किए। शिक्षा का स्तर सुधारने के प्रयास से 4थीं से 6वीं कक्षा तक उसके बाद कक्षा 8वीं तक विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी। इसके बाद मनपा के शालेय दृष्टिकोण अंतर्गत कक्षा 10वीं तक कक्षा बढ़ाने का प्रस्ताव सरकार को दिया गया।
चंद्रपुर मनपा स्कूलों के बढ़ते स्तर को देखते हुए इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मंजूरी का आदेश विधानसभा अध्यक्ष मिलिंद नार्वेकर के हाथों मनपा शिक्षाधिकारी नागेश नीते ने स्वीकार किया। 4 हजार 70 पर पहुंची विद्यार्थी संख्या : 2015 में मनपा स्कूलों में 2 हजार 270 विद्यार्थियों की संख्या अब बढ़कर 4 हजार 70 पर पहुंच गई है। अप्रैल माह में ही प्रवेश बंद का बोर्ड लगाना पड़ेगा यह ध्यान देना पड़ेगा। मनपा शिक्षकों के प्रयास व मनपा प्रशासन द्वारा मिले प्रोत्साहन से शिक्षा का स्तर बढ़ने में मदद मिली है।
Created On :   4 Dec 2022 5:06 PM IST