संस्कृति व विरासत पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 24-25 को वर्धा में

Indian Culture and Heritage in South and Southeast Asia
संस्कृति व विरासत पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 24-25 को वर्धा में
संस्कृति व विरासत पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 24-25 को वर्धा में

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ‘दक्षिण एवं दक्षिण पूर्व एशिया में भारतीय संस्कृति व  विरासत’ विषय पर 24 और 25 फरवरी को महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है। अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना, नई दिल्ली तथा महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा की ओर से संयुक्त रूप से आयोजन किए जाने की जानकारी डॉ. बालमुकुंद पांडेय ने गुरुवार को पत्र-परिषद में दी।

150 विद्वान होंगे शामिल
उन्होंने बताया कि दक्षिण एवं दक्षिण पूर्व एशिया में भारतीय लोक परंपरा, भारतीय कला (दृश्य एवं प्रदर्शनकारी), भारतीय स्थापत्य व विरासत, भारतीय दर्शन, आर्थिक प्रभाव, व्यापार व वाणिज्य तथा भारतीय सामुद्रिक गतिविधियां, प्रवासी भारतीय समुदाय, भारतीय धर्म व अध्यात्म, भारतीय नीति तथा जीवन मूल्य, प्रज्ञा, साहित्य, राजस्व तथा प्रशासन की भारतीय संकल्पना आदि विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही शोधपत्रों का पठन किया जाएगा। 24 फरवरी को सुबह 10.30 बजे सम्मेलन का उद्घाटन होगा। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता हिंदी विश्वविद्यालय के कुलपति गिरीश्वर मिश्र करेंगे। भारतीय इतिहास संकलन योजना अध्यक्ष डॉ. सतीशचंद्र मित्तल, भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. बालमुकुंद पांडेय, मुख्य संयोजक प्रो. एस.पी. बंसल, भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के प्रतिनिधि डॉ. ओम उपाध्याय, आयोजन सचिव प्रो. अनिल कुमार राय प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन में सर सुमना सिरी, राम माधव, प्रो. रामदेव भारद्वाज, रवींद्र कान्हेरे, एस. पी. बंसल, कपिलदेव मिश्रा, सुष्मिता पांडेय, बी.आर. मणि, ईश्वरशरण विश्वकर्मा, रजनीश कुमार शुक्ला, गौरी माहुलीकर, ए. नारायण राव, राजीव रंजन, हिमांशु चतुर्वेदी, सुमन जैन, अरुणा सिन्हा, आराधना, वैद्यनाथ लाभ, रघुवेंद्र तंवर, के.टी.एस. सराओ, संतोष शुक्ला, आनंद वर्धन शर्मा, सुरजीत जॉली आदि सहित श्रीलंका, थाईलैंड, सिंगापुर, नेपाल आदि दक्षिण व दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के विद्वान, भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्ष तथा निदेशक लगभग 150 विद्वान सहभागी होने की जानकारी दी गई। पत्र परिषद में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के जनसंचार विभाग अध्यक्ष अनिल कुमार राय, सहायक संपादक डॉ. अमित विश्वास, आयोजन समिति सदस्य कौशल किशाेर त्रिपाठी, भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के प्रतिनिधि ओम उपाध्याय उपस्थित थे।

Created On :   23 Feb 2018 11:49 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story