- Home
- /
- कांग्रेस में फिर उभरा आंतरिक...
कांग्रेस में फिर उभरा आंतरिक असंतोष, मुलक पर तड़के ने कसा तंज

डिजिटल डेस्क,नागपुर। पार्टी को संगठनात्मक मजबूती देने में जुटी ग्रामीण कांग्रेस में भी अब असंतोष सामने आने लगा है। जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष राजेंद्र मुलक को लेकर वरिष्ठ नेता बाबूराव तिड़के ने तंज कसा है। तिड़के के अनुसार मुलक ने कामठी में जाहिर सभा में सुरेश भायर का नाम विधानसभा उम्मीदवार के तौर पर घोषित किया। कांग्रेस में ऐसी परिपाटी नहीं है। फिर भी घोषित ही करना है, तो औरों के साथ मुलक को अपने नाम की घोषणा भी कर देनी चाहिए। इससे कार्यकर्ताओं में उम्मीदवार को लेकर भ्रम नहीं रहेगा। साथ ही कांग्रेस की उम्मीदवारी पाने के लिए मुंबई या दिल्ली तक नेताओं के दौरे नहीं होंगे। तिड़के के अनुसार 8 जून को कामठी तहसील कार्यालय के सामने पेट्रोल डीजल के दाम को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल आंदोलन था। दोपहर में आंदोलन कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र मुलक कर रहे थे। सावनेर के विधायक सुनील केदार प्रमुखता से शामिल थे। उस कार्यक्रम में मुलक ने घोषित किया कि, सुरेश भोयर कामठी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे।
राहुल गांधी को भी दी जाएगी सूचना
तिड़के ने कहा है कि, कामठी ही नहीं अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए जाने चाहिए। तिडके ने कहा पार्टी उम्मीदवार को लेकर जिस तरह की घोषणाबाजी होने लगी है, उससे कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बनने लगी है। विधानसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों के नाम पर पार्टी में मिल बैठकर निर्णय लिया जाता है। कामठी के मामले की सूचना प्रदेश कांग्रेस के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी दी जाएगी। कांग्रेस के ही एक पदाधिकारी ने कहा कि विधायक सुनील केदार के नेतृत्व में जिले में कांग्रेस में असंतोष को बढ़ावा मिल रहा है। केदार सावनेर-कलमेश्वर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। 5 वर्ष में उनके क्षेत्र में कांग्रेस का सरकार विरोधी कोई प्रदर्शन सुनने को नहीं मिला, लेकिन केदार रामटेक, कामठी, उमरेड या अन्य विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शनों में शामिल दिख रहे हैं। प्रदर्शनों में स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावना का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
शुरू हुई गलत परिपाटी
कामठी में कांग्रेस उम्मीदवार के नाम की घोषणा संगठनात्मक मामले में गलत परिपाटी है। जिला अध्यक्ष राजेंद्र मुलक की भूमिका से कार्यकर्ताओं में निश्चित ही असंतोष है। चुनाव तैयारी के कार्यक्रमों को सहमति से पूरा किया जाना चाहिए।
बाबूराव तिड़के, वरिष्ठ कांग्रेस नेता
किसी का नाम घोषित नहीं किया
कांग्रेस उम्मीदवार घोषित करने का कोई प्रश्न ही नहीं है। किसी का नाम घोषित नहीं किया गया है। कांग्रेस में उम्मीदवार का निर्णय लेने के लिए सीईसी अर्थात केंद्रीय चुनाव समिति है। उस समिति को स्थानीय स्तर से सुझाव भर दिए जा सकते हैं। जिला अध्यक्ष किसी उम्मीदवार का नाम तय नहीं करता है। बाबूराव तिडके पार्टी के सम्माननीय वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें कदाचित गलत जानकारी मिली है।
राजेंद्र मुलक, जिलाध्यक्ष, ग्रामीण कांग्रेस
Created On :   12 Jun 2018 12:59 PM IST