समता सैनिक दल के निमंत्रक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक कर हत्या

Inviter of Samta Sainik Dal killed by throwing chilli powder in his eyes
समता सैनिक दल के निमंत्रक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक कर हत्या
नसीहत देने वाले को गंवानी पड़ी जान समता सैनिक दल के निमंत्रक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक कर हत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बस्ती के युवाओं को ठीक से रहने व व्यवहार में सुधार लाने का उपदेश देने वाले समता सैनिक दल के निमंत्रक व सामाजिक कार्यकर्ता की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर हत्या कर दी गई। मृतक सुनील रामाजी जवादे (45) है। घटना गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे रामबाग परिसर इमामवाड़ा क्षेत्र में हुई। घटना को चार नाबालिग आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया।

समाज सेवा में सक्रिय था : पुलिस के अनुसार रामबाग निवासी सुनील जवादे कॉटन मार्केट में कल्लू दलाल की दुकान को खुद संचालित करते हुए सब्जी का व्यवसाय करता था। समाज सेवा में भी काफी सक्रिय था। वह बस्ती के कुछ युवकों को हमेशा ठीक से रहने और अच्छा व्यवहार करने का उपदेश दिया करता था। गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे वह अपनी दोपहिया वाहन से कॉटन मार्केट जाने के लिए घर से निकला। घर से कुछ दूरी पर घातक लगाकर बैठे नाबालिग आरोपियों ने सुनील की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर उसकी घातक शस्त्र से हमला हत्या कर दी। 

घात लगाकर बैठे थे : सुनील ने कुछ नाबालिगों को नशाखोरी करते देखने पर फटकार लगाई थी। इस बात को लेकर नाबालिग नाराज थे। बुधवार की मध्यरात्रि में नाबालिग नशा करने बैठे थे। आरोपियों को यह बात पता थी कि सुबह सुनील कॉटन मार्केट जाता है। आरोपी घात लगाकर बैठे थे। हमला करने के बाद शोर सुनकर आस-पास के लोग दौड़े तो आरोपी फरार हो गए। घटना के बारे में सुनील की पत्नी प्रगति को पड़ोसी महिलाओं से पता चला। इमामवाड़ा पुलिस और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी और उपायुक्त नुरुल हसन मौके पर पहुंचे थे। दो नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार सुनील के भतीजे निखिल से मिलने एक लड़का उसके घर पर आना-जाना करता था। वह कई बार चाकू लेकर आता था। इसलिए सुनील ने उसे भी फटकारा था।

परिसर में तनाव : घटना से परिसर में तनाव है। इससे पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है। सुनील जवादे परिवार का तीसरा बेटा था। बड़ा भाई श्याम जवादे, मंझला मनोज, चौथा लहू जवादे और लीलाधर जवादे हैं। लीलाधर अपने परिवार के साथ भगवान नगर में रहता है। सुनील और बाकी भाइयों का परिवार रामबाग में एक ही मकान में रहता है। सुनील की मौत के बाद पत्नी प्रगति का पति और 10 वर्षीय बेटा प्रिंस के सिर से पिता का साया छिन गया।  
फरार आरोपी गोंडखैरी में पकड़ाए : हत्या करने के बाद  मुख्य नाबालिग आरोपी और उसके एक साथी को गोंडखैरी परिसर से पुलिस ने धरदबोचा। यह दोनों नशे की  हालत में थे। समाचार लिखे जाने तक उक्त चारों नाबालिग आरोपियों से पूछताछ शुरू थी।  
 

Created On :   26 Nov 2021 3:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story