धार्मिक स्थलों पर माथा टेक निकली कांग्रेस की जनसंघर्ष यात्रा, रामटेक में पहली सभा

Jan Sangharsh Yatra starts with to pray on religious places, first meeting held in Ramtek
धार्मिक स्थलों पर माथा टेक निकली कांग्रेस की जनसंघर्ष यात्रा, रामटेक में पहली सभा
धार्मिक स्थलों पर माथा टेक निकली कांग्रेस की जनसंघर्ष यात्रा, रामटेक में पहली सभा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सरकार के विरोध में प्रदेश कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही जनसंघर्ष यात्रा गुरुवार को नागपुर पहुंची। यहां के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर नेताओं ने माथा टेका। उसके बाद पूर्व विदर्भ के 6 जिलों के भ्रमण के लिए यह यात्रा निकल पड़ी। पांचवीं व अंतिम चरण की इस जनसंपर्क यात्रा को 13 जनवरी को नागपुर में ही समापन होगा। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं की ओर से केंद्र व राज्य सरकार के विरोध में आरोप ही आरोप लगाए जा रहे हैं। यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण कर रहे है, लेकिन दिल्ली में व्यस्तता के चलते वे नागपुर नहीं पहुंच पाए। सुबह 10 बजे दीक्षाभूमि पर बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमा का अभिवादन कर यात्रा आरंभ हुई।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव मुकुल वासनिक, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राधाकृष्ण विखे पाटील, विधानपरिषद के पूर्व उपसभापति माणिकराव ठाकरे, पूर्व मंत्री राजेंद्र मुलक, पूर्व मंत्री अनीस अहमद, पूर्व मंत्री विजय वडेट्‌टीवार, पूर्व मंत्री नसीम खान, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे यात्रा में शामिल थे। दीक्षाभूमि के बाद ताजबाग में बाबा ताजुद्दीन, बर्डी टेकड़ी पर गणेशजी की प्रतिमा का दर्शन किया गया। यात्रा के तहत विशेष रथ सजाया गया है। रथ पर सवार कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। 

इन मार्गों से गुजरी यात्रा
दीक्षाभूमि के बाद जनसंघर्ष यात्रा काक्षीपुरा चौक पहुंची। उसके बाद जनता चौक, पंचशील चौक, मेहाडिया चौक,बैद्यनाथ चौक, मेडिकल चौक, तुकडोजी पुतला, मानेवाडा चौक, म्हालगीनगर चौक, बड़ा ताजबाग, भांडे प्लाट, रेशमबाग चाैक, अशोक चौक, गांधी गेट चौक, चिटणीस पार्क, अग्रसेन चौक, गीतांजलि चौक, मेयो चौक होते हुए यह यात्रा गणेश टेकडी पहुंची। बाद में विधानभवन परिसर से कामठी रोड की ओर रवाना हुई। 

एकजुटता का होगा प्रयास
इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस पार्टी नेताओं में एकजुटता का प्रयास भी कर रही है। लगभग सभी जिले में कांग्रेस में गुट है। सबसे पहले कोल्हापुर में जनसंवाद यात्रा निकली थी। उसके बाद पश्चिम महाराष्ट्र, उत्तर महाराष्ट्र, मराठवाड़ा,कोंकण व पश्चिम विदर्भ के बाद पूर्व विदर्भ के लिए यह यात्रा निकली है। नागपुर जिले के अलावा भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली, चंद्रपुर जिले में भी सभा होगी। यात्रा के तहत कांग्रेस की ओर से केंद्र व राज्य सरकार के विरोध में प्रचार किया जा रहा है। स्थानीय मुद्दों को भी उठाया जा रहा है। सरकार की विफलता दर्शानेवाले पत्रक बांटे जा रहे हैं। 

सीबीआई मामले में सरकार को पड़ा तमाचा- पृथ्वीराज
पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि सीबीआई मामले में तो उसे न्यायालय का तमाचा पड़ा है। सीबीआई निदेशक पद पर आलोक वर्मा की पुन: नियुक्त न्यायालय ने कर दी है। केंद्र व राज्य सरकार केवल जुमलेबाजी कर रही है। सरकार की वास्तविकता को जनता भी जान चुकी है। विकास के मुद्दों से लगातार ध्यान भटकाया जा रहा है। राममंदिर व सवर्ग आरक्षण का मुद्दा भी राफेल घोटाले से ध्यान हटाने के लिए सामने लाया गया है। सरकार अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं कर पा रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने धनगर आरक्षण देने को कहा है, लेकिन इससे भाजपा को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है।

सरकार के पास बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं - वासनिक
कांग्रेस के महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा है कि सरकार के पास बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है, केवल जुमले ही जुमले हैं। सवर्ण आरक्षण का मामला भी जुमला ही है। आर्थिक व सामाजिक न्याय देने के मामले में सरकार पूरी तरह से विफल है। हर वर्ग परेशान है। जनसंघर्ष यात्रा के माध्यम से लोग सरकार के प्रति गुस्सा व्यक्त कर रहे हैं। 

Created On :   10 Jan 2019 11:30 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story