- Home
- /
- जयंत पाटील बने NCP के प्रदेश...
जयंत पाटील बने NCP के प्रदेश अध्यक्ष, पवार ने की घोषणा

डिजिटल डेस्क, पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पद पर जयंत पाटील की नियुक्ति की गई है। रविवार को निसर्ग मंगल कार्यालय में पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार की उपस्थितति में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह घोषणा की गई। पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुनिल तटकरे का तीन साल का कार्यकाल खत्म होने के बाद इस पद के लिए जयंत पाटील और धनंजय मुंडे के नाम ज्यादा चर्चा में थे।
प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व अध्यक्ष तटकरे ने जयंत पाटील के नाम की सूचना की। इसे शशिकांत शिंदे और धनंजय ने अनुमोदन दिया। उसके बाद चुनाव निर्णय अधिकारी दिलीप वलसे पाटील ने इस पद पर जयंत पाटील के चयनित होने की घोषणा की। इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद पर हेमंत टकले, प्रदेश महासचिव पद पर शिवाजी गर्जे और उपाध्यक्ष पद पर नवाब मलिक की नियुक्ति की गई। इस समय मंच पर पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार, सांसद सुप्रिया सुले, धनंजय मुंडे, हसन मुश्रिफ, फौजिया खान, प्रफुल्ल पटेल, चित्रा वाघ, अनिल देशमुख, जितेंद्र आव्हाड़, राजेश टोपे तथा अन्य विधायक उपस्थित थे।
जब बोलना चाहिए तब मोदी चुप्पी साधते हैं
कार्यकारिणी बैठक में शरद पवार ने प्रधानमेंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब वे बोलते नहीं इस बात को लेकर टिका, टिप्पणियां, आरोप होते थे। अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार में प्रधानमंत्री मोदी जिस समय बोलना जरूरी होता है, उस समय चुप्पी साधे बैठते हैं। कठुआ, उन्नाव जैसी दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर भाजपा के नेताओं ने जो बयानबाजी की, वह गलत है। उन नेताओं का महिलाओं के प्रति दृष्टिकोन गलत है। आरोपियों को बचाने के लिए जो मोर्चे निकाले गए, उनमें भाजपा के नेता सहभागी हुए थे।
देश के अब तक के इतिहास में इतने नादान नेता नहीं देखे हैं। देश के उपचुनावों में 7 से 8 जगहों पर सत्तारूढ़ पार्टी को पराजय मिली है। इससे पहले किसी भी सत्तारूढ़ पार्टी को इतनी बड़ी असफलता नहीं मिली हुई थी। यह भी पवार ने कहा। आगामी चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस को चेतावनी देते हुए पवार ने कहा कि हम कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने में इच्छुक है, लेकिन उनकी क्या इच्छा है यह वे सीधे बताएं। जालसाजी हमें पसंद नहीं है।
बीजेपी पर साधा निशाना
प्रदेशाध्यक्ष पद पर नियुक्ति करने के बाद पाटील ने कहा कि देश में हर 75 मिनटों पर 1 दुष्कर्म और 60 मिनटों पर एक छेड़खानी की घटना हो रही है। यहीं सरकार की पहचान बनी हुई है। सामान्य जनता में बेचैनी बनी हुई है। न्याय व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। युवाओं से धोखा हुआ है। यहीं युवा अब भाजपा को सत्ता से बाहर फेंकने का काम करेंगे।
Created On :   29 April 2018 10:30 PM IST