- Home
- /
- NCP संगठन को मजबूत करने में जुटी,...
NCP संगठन को मजबूत करने में जुटी, गोंदिया-भंडारा में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे कार्यकर्ता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक मजबूती का काम तेज हो गया है। नए प्रदेश अध्यक्ष चुने गए जयंत पाटील 25 मई को नागपुर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पाटील विदर्भ में संगठन मजबूती के लिए नए-पुराने पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। जून में जिला स्तर पर कार्यकारिणी चुनाव को अंतिम रूप दिया जाएगा।
फिलहाल गोंदिया-भंडारा में लाेकसभा का उपचुनाव प्रचार चल रहा है। प्रचार कार्य के लिए नागपुर के राकांपा के कार्यकर्ता गोंदिया-भंडारा जाएंगे। गुरुवार को शहर व ग्रामीण राकांपा की बैठक गणेशपेठ स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक में कई विषयों पर चर्चा भी की गई। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जयंत पाटील पहली बार नागपुर पहुंच रहे हैं, लिहाजा उनके सत्कार की भी तैयारी चल रही है। बताया गया है कि पाटील नागपुर में जिले के अलावा गोंदिया भंडारा,वर्धा के पदाधिकारियों से चर्चा करने के बाद चंद्रपुर व गड़चिरोली में जाकर पदाधिकारियों से संवाद साधेंगे। इससे पहले राकांपा में संगठन चुनाव प्रक्रिया के तहत क्रियाशील सदस्य बनाए गए। शहर प्रतिनिधि चुने गए। कहीं-कहीं शहर अध्यक्ष भी चुने गए।
विभाग स्तर पर संगठन के चुनाव अधिकारी भी नियुक्त किए गए थे। पाटील उन संगठन चुनाव अधिकारियों से चर्चा कर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेंगे। राकांपा की बैठक में पूर्व मंत्री अनिल देशमुख, पूर्व मंत्री रमेश बंग, विधानपरिषद सदस्य प्रकाश गजभिये, नगरसेवक दुनेश्वर पेठे, राकांपा ओबीसी सेल के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर बालबुधे, राकांपा के शहर अध्यक्ष अनिल अहिरकर, गंगा ग्वालवंशी, प्रवीण कुंटे पाटील, जावेद हबीब, नूतन रेवतकर, पूर्व िवधायक दीनानाथ पडोले, राविकां के शहर अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी समेत अन्य सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
पवार व मुंडे भी करेंगे चर्चा
पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार व विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष धनंजय मुंडे भंडारा गोंदिया में उपचुनाव में प्रचार के सिलसिले में आ रहे हैं। दोनों नेता भी राकांपा पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। चुनाव तैयारी के तहत विविध मुद्दों पर सरकार के विरोध में प्रदर्शन के लिए पदाधिकारियों को निर्देश देंगे।
प्रचार में शामिल होंगे पदाधिकारी
गोंदिया-भंडारा लोकसभा उपचुनाव के प्रचार में राकांपा की ओर से लगभग सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। 19 मई को पदाधिकारियों की टीम रवाना होगी। करीब 40 से अधिक वाहनों में पदाधिकारी जाएंगे। राकांपा की बैठक में इस प्रचार कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भी चर्चा हुई।
Created On :   17 May 2018 7:32 PM GMT