- Home
- /
- सोना चमकाने के बहाने ले उड़े लाखों...
सोना चमकाने के बहाने ले उड़े लाखों के गहने

डिजिटल डेस्क, यवतमाल। जिले की अनेक तहसीलों में ठगों का गिरोह सक्रिय है। गहने चमकाने की बात कहकर शुक्रवार को मारेगांव और वणी शहर में महिलाओं के साथ ठगी के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में ठगों ने लाखों के गहने उड़ा लिए। पुलिस अब इन ठगों की तलाश करने में जुट गई है। पहली घटना मारेगांव की है। यहां शुक्रवार सुबह सोने-चांदी के गहने चमकाकर देने का झांसा देकर बुजुर्ग दंपति का 5 तोले सोना मूल्य 2 लाख 50 हजार रुपए 2 अज्ञात लोगों ने उड़ा लिया। घटना शहर के प्रभाग क्रमांक 6 में घटी। घटना की शिकायत प्रभाग क्रमांक 6 निवासी शंकर गारघाटे (80) ने पुलिस थाने में दी है। शिकायत के अनुसार 2 अज्ञात युवक सोने-चांदी के गहने चमकाने की बात कहते हुए उनके घर आए थे। शंकर और उनकी पत्नी को पुराने गहने चमकाने की इच्छा हुई। उन्होंने अपने पास के 5 तोले सोने के गहने आरोपियों को दिए। उन्होने यह गहने कुकर में डालने को कहा और सफाई से गहने उड़ा लिए। कुछ देर बाद दोनों मौके से फरार हो गए। कुकर में गहने दिखाई नहीं देने पर शंकर और उनके पत्नी को ठगी होने का पता चला। मामले की जांच थानेदार राजेश पुरी के मार्गदर्शन में शुरू है। दूसरी घटना वणी शहर के नटराज चौक में शुक्रवार सुबह 11 बजे के दरम्यान घटी। यहां सेल्समैन बनकर आए 2 युवकों ने महिला से सोने की 4 चूड़ियां मूल्य 30 हजार की लेकर फरार हो गए। सेल्समैन बनकर आए दोनों युवक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए, जिसकी सहायता से वणी पुलिस दोनों की खोज में जुट गई है। जानकारी के अनुसार शहर की नटराज चौक निवासी खुशाली पंकज गुप्ता (42) और उनकी सास घर पर थी। सुबह 11 बजे 2 युवक फर्श साफ करने का पाउडर बेचने के बहाने उनके घर आए। इसके बाद इन युवकों ने सोने-चांदी के गहने चमकाकर देने की बात कहीं। खुशाली गुप्ता उनके झांसे में आ गयी और उन्हें सोने की 4 चूड़ी मूल्य 30 हजार रुपए की दी। उन्होंने यह चूड़ियां एक डिब्बे में रखकर उसे गैस पर रखने को कहा। इस दौरान सफाई से चूड़ियां उड़ा ली। इसकी शिकायत पुलिस थाने में दर्ज की गई।
Created On :   24 Sept 2022 6:49 PM IST