- Home
- /
- साइबर ठगों के निशाने पर हैं नौकरी...
साइबर ठगों के निशाने पर हैं नौकरी की तलाश वाले बेरोजगार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना संक्रमण के चलते लगे लॉकडाउन और आर्थिक मंदी के चलते लाखों लोगों ने अपनी नौकरी गंवाई है। नई नौकरी की तलाश कर रहे यही बेरोजगार अब साइबर ठगों के निशाने पर हैं। इसलिए बड़ी कंपनियों के नाम पर लुभावने ऑफर मिलने पर सावधान रहें खासकर अगर नौकरी से पहले कागजी कार्यवाही के नाम पर पैसे मांगे जाएं तो ज्यादा होशियार रहने की जरुरत है। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने यह चेतावनी भरी सलाह जारी की है। साइबर पुलिस के मुताबिक साइबर ठग सोशल मीडिया और एसएमएस के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को संदेश भेजकर नामी कंपनियों में रिक्तियों का दावा कर रहे हैं। जो लोग ठगों के झांसे में आ जाते हैं उनसे एक लिंक पर क्लिक कर व्यक्तिगत जानकारी भरने को कहा जाता है। रजिस्टर करने के बाद ठग लोगों से कहते हैं कि आगे की कागजी कार्यवाही तभी होगी जब इसके लिए कुछ पैसे भरे जाएंगे।
कई बार ठग दावा करते हैं कि नौकरी मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति को पैसे वापस कर दिए जाएंगे पैसे बस यह सुनिश्चित करने के लिए भराए जा रहे हैं कि व्यक्ति वास्तव में नौकरी करने का इच्छुक है। लेकिन एक बार पैसे चुका देने के बाद आरोपी संपर्क तोड़ लेते हैं। कई बार विदेश में नौकरी का झांसा देकर लोगों से वीजा, यात्रा खर्च आदि के भी पैसे जमा करने को कहा जाता है। साइबर पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक नौकरी के नाम पर लोगों से ठगी की शिकायतें बड़े पैमाने पर आ रही हैं इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी लिंक पर क्लिक करने के बजाय संबंधित कंपनी के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिक्त पदों की जानकारी हासिल करना ज्यादा बेहतर विकल्प है। आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नंबरों पर भी जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकता है। ठग बड़ी कंपनियों के नाम से बिल्कुल मिलते जुलते नाम की फर्जी वेबसाइट बनाते हैं इसलिए गूगल सर्च की जगह पूरा वेब एड्रेस का इस्तेमाल करना चाहिए। अनजान लोगों को अपनी निजी जानकारियां और आधार, पैन कार्ड और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी देने से भी बचना चाहिए।
फेसबुक पर दोस्ती कर लंदन के दोस्त ने लगाया चूना
खुद को यूके का नागरिक बताकर 34 वर्षीय महिला से सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद उसे 4.29 लाख रुपए का चूना लगाने वाले एक आरोपी के खिलाफ अंधेरी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मुंबई की रहने वाली महिला ने बताया कि आरोपी से इंस्टाग्राम के जरिए उसकी जान पहचान हुई थी। जल्द ही दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। करीबी बढ़ने के बाद दोनों फोन पर बात करने लगे। इसके बाद आरोपी ने महिला को कहा कि वह उसके लिए एक महंगा गिफ्ट भेज रहा है। डिलिवरी ट्रैक करने लिए लिए उसने महिला को एक लिंक भी भेजी। इसी बीच महिला को 29 जुलाई को एक व्यक्ति ने फोन किया और दावा किया कि वह कस्टम विभाग से बोल रहा है। उसने महिला से कहा कि उसके लिए एक पार्सल आया है जिसमें काफी रूपए हैं। इसे हासिल करने के लिए उसे 4 लाख 29 हजार रुपए टैक्स भरने होंगे। महिला ने भरोसा कर पैसे भर दिए। लेकिन अगले दिन एक और व्यक्ति ने फोन कर महिला से कहा कि वह आयकर विभाग से बोल रहा है और पार्सल के लिए उसे 5.69 लाख रुपए भरने होंगे। फोन करने वाले ने महिला को कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। लेकिन महिला को ठगी का एहसास हो चुका था इसलिए उसने फोन करने वाले को अपनी पहचान साबित करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने संपर्क तोड़ लिया। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
Created On :   4 Aug 2021 7:11 PM IST