कामगार कांग्रेस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर कमलानाथ से की चर्चा

Kamgar Congress discussed the problems of Anganwadi workers with Kamal Nath
कामगार कांग्रेस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर कमलानाथ से की चर्चा
मध्य प्रदेश कामगार कांग्रेस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर कमलानाथ से की चर्चा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। विगत 16 मार्च से मानदेय में 15 सौ रूपये की बढ़ोत्तरी की घोषणा को पूरा कर उसे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मानदेय में जोड़कर देने सहित अन्य मांगो को लेकर मध्यप्रदेश बुलंद आवाज नारी शक्ति संगठन के बैनर तले प्रदेश के कई जिलो में आंगनबाड़ी में ताला बंद कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकायें आंदोलन में चली गई है, जिससे आंगनबाड़ी के माध्यम से हितग्राहियो को मिलने वाली सुविधाओं पर ब्रेक लग गया है।

हालांकि अब तक ना तो सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओें की मांगो को लेकर कोई ठोस निर्णय लिया है और ना ही हड़ताली पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं पर कोई कार्यवाही सुनिश्चित की है, वहीं लगातार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओें की हड़ताल को समर्थन मिल रहा है। जिससे आंदोलन और मजबूत होता जा रहा है।

सरकार से मांगे मनवाने की जिद पर अड़ी मध्यप्रदेश बुलंद नारी शक्ति संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कामगार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष बिसेन के साथ 5 अप्रैल को भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की और उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मांगो के बारे में अवगत कराया। इस दौरान कामगार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष बिसेन, मध्यप्रदेश बुलंद आवाज नारी शक्ति संगठन प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वरी मेश्राम, प्रदेश महासचिव योगिता कावड़े, इंदौर जिलाध्यक्ष रीना सेठिया, भोपाल जिलाध्यक्ष यशोदा रजने, धार जिलाध्यक्ष सोनुराज पुरोहित, विदिशा जिलाध्यक्ष मिथलेश श्रीवास्तव, मंदसौर जिलाध्यक्ष चेन्ना गुर्जर, बालाघाट जिलाध्यक्ष प्रेमलता डोहरे, निर्मला मारू, जयश्री मेश्राम सहित 27 जिलो के प्रतिनिधिमंडल उपस्थित थे। 

कामगार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष बिसेन ने बताया कि प्रदेश में आंगनबाड़ी केन्द्रो का संचालन करने वाली महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकायें, विगत एक पखवाड़े से ज्यादा समय से हड़ताल पर है।लेकिन सरकार उनकी मांगो को नजरअंदाज कर रही है। आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी से मुलाकात के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगो पर चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने आश्वस्त किया है कि वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की मांगो को लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से पत्राचार करने की बात कही।

वहीं उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बहनों के साथ खड़ी है, यदि सरकार ने उनकी मांगो पर विचार नहीं किया तो वह भी उनके साथ खड़े रहेंगे। वहीं संगठन प्रतिनिधिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन में बढ़ाये गये 15 सौ रूपये रोके जाने को लेकर भी चर्चा में अपनी बात रखी।  कामगार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष आशुतोष बिसेन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की हर लड़ाई में जिले से लेकर राजधानी तक कामगार कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और उनके हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर उनकी मांगे पूर्ण होने तक खड़ी रहेगी।

Created On :   5 April 2022 5:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story