- Home
- /
- घर पर ऑक्सीजन देते समय चेक करते...
घर पर ऑक्सीजन देते समय चेक करते रहें लेवल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। होम आइसोलेशन की प्रक्रिया में सबसे तकनीकी काम सामान्य लोगों को गैस सिलेंडर के माध्यम से मरीज को ऑक्सीजन पहुंचाने का होता है। लोगों को इस बात का अंदाजा ही नहीं है, कि ऑक्सीजन का इस्तेमाल किस तरह और कैसे किया जाए। नतीजतन जानकारी के अभाव में मरीजों की जान से खिलवाड़ होता है। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण बेड उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में कई मरीजों को होम आइसोलेशन में रहकर ऑक्सीजन लेने की सलाह दी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मरीज को घर पर ऑक्सीजन सिलेंडर लगा है, तो मरीज का ध्यान रखना आवश्यक है। कई ऐसे मामले आए हंै, जिसमें मरीज के शरीर में ऑक्सीजन का प्रतिशत बढ़ने और कम होने से मरीज की जान जाने की संभावना भी बढ़ जाती है।
सिलेंडर ऑपरेट करने की जानकारी होना आवश्यक
इंडियन सोसाइटी ऑफ एनिस्थियोलॉजिस्ट के प्रेसीडेंट डॉ. सौरभ बर्डे ने बताया कि होम आइसोलेशन में अधिकांश लोग ऑक्सीजन सिलेंडर को लगाने में तकनीकी तौर पर दिक्कतों का सामना करते हैं। लोग अपने घरों में ऑक्सीजन सिलेंडर तो मंगा लेते हैं, लेकिन जब उसको मरीज को देते हैं, तो ऑक्सीजन लेवल कितना होना चाहिए और किस तरीके से ऑक्सीजन लेवल मेंटेन किया जाना चाहिए इसकी तकनीकी जानकारी नहीं होती है। नतीजतन कई बार मरीजों का ऑक्सीजन लेवल ज्यादा हो जाता है या कई बार मरीजों को ऑक्सीजन लेवल पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता है। होम आइसोलेशन में अगर मरीज है और उसको ऑक्सीजन लगा है, तो पल्स ऑक्सीमीटर से ऑक्सीजन लेवल को चेक करना चाहिए।
विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे करें ऑक्सीजन सिलेंडर ऑपरेट
-पहले मरीज का ऑक्सीजन लेवल चेक करें।
-मरीज का ऑक्सीजन लेवल 94 से कम है, तो आप ऑक्सीजन रिलीज करने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की नॉब को सिलेंडर के साथ में लगे वाॅटर बॉटल के एक नंबर से तीन नंबर (लीटर) प्रेशर से ऑक्सीजन रिलीज करें।
-मरीज की उंगली में ऑक्सीमीटर लगा होना चाहिए।
-ऑक्सीजन देने से पहले मरीज का ऑक्सीजन लेवल ऑक्सीमीटर में जांच लें।
-जैसे ही ऑक्सीजन मरीज के मास्क से शरीर में जानी शुरू होगी, ऑक्सीमीटर में ऑक्सीजन का लेवल बढ़ता जाएगा।
-ऑक्सीजन देने के साथ ऑक्सीमीटर में जैसे ही ऑक्सीजन की मात्रा 94 पर पहुंचती है, तो चेक करें कि कितने प्रेशर से ऑक्सीजन रिलीज करने पर लेवल 94 पर पहुंचा है। अगर तीन नंबर के प्रेशर के साथ ऑक्सीजन लेवल 94 पर पहुंचा है, तो दस मिनट बाद ऑक्सीजन प्रेशर का आधा से एक पॉइंट तक कम करके ऑक्सीजन का लेवल 94 पर चेक करें। ऐसे ही ऑक्सीजन प्रेशर से ऑक्सीजन लेवल को चेक करते रहें।
Created On :   13 May 2021 3:56 PM IST