- Home
- /
- किन्नर समाज अपने पैसों से भर रहा...
किन्नर समाज अपने पैसों से भर रहा जरूरतमंदों का पेट

डिजिटल डेस्क, मुंबई । ठाणे जिले के कल्याण इलाके में किन्नर समाज ने एक ऐसी पहल की है जिससे उनकी ओर देखने का समाज का नजरिया बदल जाएगा। ख्वाहिश फाउंडेशन नाम के संगठन से जुड़े किन्नर अपने जुटाए गए पैसों से जरूरतमंदों का पेट भर रहे हैं। कल्याण स्टेशन के करीब संस्था की ओर से एक रसोई शुरू की गई है जहां लोगों को सिर्फ एक रूपए में नाश्ता और 10 रुपए में भरपेट खाना दिया जाता है। खाने में दाल, चावल, रोटी और सब्जी होता है। संगठन की संस्थापक और अध्यक्ष तमन्ना मंसूरी ने बताया कि हम समाज के लिए कुछ करना चाहते थे जिससे लोगों का किन्नरों की ओर देखने का नजरिया बदले साथ ही गरीब और जरूरतमंदों को भी मदद मिल सके। इसीलिए इस रसोई की शुरूआत की गई जहां रोजाना दो से ढाई सौ लोग खाना खाने आ रहे हैं। इसी साल सितंबर महीने में इसकी शुरूआत तत्कालीन जिलाधिकारी राजेश नार्वेकर के हाथों हुई थी। इसके बाद से जरूरतमंदों के पेट भरने का यह सफर जारी है। यहां 14 लोग काम भी करते हैं जिन्हें वेतन दिया जाता है। इसके अलावा जगह के किराए और बिजली के बिल का भुगतान भी करना पड़ता है। धीरे-धीरे दूसरे लोग भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
मंसूरी ने बताया कि कल्याण स्टेशन पर बड़ी संख्या में लंबी दूरी की गाड़ियों से लोग आते हैं। इसके अलावा आसपास अस्पताल, अदालत और जिलाधिकारी कार्यालय है। इन जगहों पर आने वाले गरीब खाना खाने इसी जगह आते हैं। मंसूरी ने बताया कि खाना साफ सुथरा और अच्छा होता है इसलिए अस्पताल के कर्मचारी और दूसरे लोग भी यहां खाना खाते हैं। सुबह सात बजे से नौ बजे तक लोगों को नाश्ता दिया जाता है जबकि खाना दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक खाया जा सकता है। मंसूरी कहती हैं कि हम ज्यादा से ज्यादा लोगों का पेट भरना चाहते हैं इसलिए सरकार मदद करे तो शायद काम और बेहतर तरीके से किया जा सके।
नकद नहीं, अन्न लेते हैं दान
ख्वाहिश फाउंडेशन की संस्थापक सलाहकार पूनम सिंह उर्फ पूनम अम्मा ने बताया कि संगठन को कुछ लोग अन्न का दान देने के लिए आगे आ रहे हैं। अनाज का दान हम खुशी से स्वीकार करते हैं लेकिन फिलहाल हम किसी से नकद दान नहीं मांगते। दान में मिले अनाज के अलावा संगठन से जुड़े किन्नर समाज के लोग पैसों की मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि ख्वाहिश फाउंडेशन की शुरूआत कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन की परेशानियों के बाद हुई थी। संगठन से 5 हजार किन्नर जुड़े हुए हैं। संगठन दूसरे भी समाजिक कार्यों से जुड़ा हुआ है।
Created On :   20 Nov 2022 7:25 PM IST