कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष नाना पटोले ने दिया इस्तीफा

Kisan congress president nana patole submit his resignation
कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष नाना पटोले ने दिया इस्तीफा
कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष नाना पटोले ने दिया इस्तीफा

डिजिटल डेस्क,नागपुर। कांग्रेस किसान मोर्चा के अध्यक्ष नाना पटोले ने पद से इस्तीफा दे दिया है। शनिवार को दिल्ली में उन्होंने पार्टी आलाकमान को इस्तीफा सौंपा। इस्तीफा पत्र में उन्होंने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के सम्मान में वे इस्तीफा दे रहे हैं। इस्तीफे के बाद वे नागपुर में लिए रवाना हो गए हैं। पटोले ने यह भी कहा है कि राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से मिलनेवाली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कांग्रेस किसान मोर्चा की राज्य इकाइयों की कार्यकारिणी को भी रद्द करने का निवेदन किया है गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे को रोकने के लिए कांग्रेस में कई पदाधिकारियों ने इस्तीफे की पेशकश की है।

राज्य से भी सभी प्रमुख कांग्रेस नेताओं ने इस्तीफे की तैयारी जतायी है। पटोले दो दिन से दिल्ली में थे। पटोले समर्थकों की माने तो अब वे राज्य की राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे। लोकसभा सदस्य रहते हुए भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए पटोले पिछले 2 वर्षों से राजनीतिक चर्चा में हैं। कांग्रेस में प्रवेश के समय माना जा रहा था कि उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलेगी। लेकिन उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। उसके बाद कांग्रेस किसान मोर्चा का अखिल भारतीय अध्यक्ष बना दिया गया। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें नागपुर से उम्मीदवार बनाया।

केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी से 2.16 लाख मतों के अंतर से वे पराजित हुए। उसके बाद से वे प्रदेश की  राजनीति में ही सक्रिय रहने का प्रयास कर रहे हैं। नागपुर में कांग्रेस के पुराने बड़े नेताओं से अलग पहचान व स्थान बनाए रखने के लिए पटोले प्रयास करते नजर आते हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत 4 जुलाई को नागपुर में कांग्रेस की संकल्प सभा है। उस सभा के माध्यम से पटोले प्रदेश राजनीति में सक्रियता दिखाते नजर आएंगे। कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष नितीन राऊत ने भी इस्तीफे की तैयारी व्यक्त की है। 

Created On :   29 Jun 2019 2:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story