- Home
- /
- नागपुर में बात-बात पर चाकूबाजी, 3...
नागपुर में बात-बात पर चाकूबाजी, 3 घायल, प्रकरण दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर ।शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर मामूली बात पर हुई चाकूबाजी की घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। लकड़गंज, एमआईडीसी हिंगना और जरीपटका थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
कंपनी गार्ड ने रोका तो किया हमला
एमआईडीसी ड्यूटी खत्म होने के बाद दोबारा कंपनी के भीतर जाने से मना करने पर कर्मचारी ने गुस्से में आकर सुरक्षा गार्ड नारायण नंदेश्वर पर चाकू से हमला कर दिया। जख्मी गार्ड की शिकायत पर एमआईडीसी पुलिस ने आरोपी महेश हाथीबेड (39), वैभव नगर झोपड़पट्टी निवासी पर मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार सुरक्षा गार्ड नारायण, शिवाजी पार्क, महाजन, वाड़ी निवासी है। पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को शाम करीब 7.30 बजे नारायण सूतगिरणी कंपनी के मुख्य गेट पर तैनात थे। इस दौरान ड्यूटी खत्म होने के बाद कंपनी से बाहर गए महेश ने दोबारा कंपनी के भीतर जाने का प्रयास किया तो उसे नारायण ने रोक दिया। इससे बौखलाए महेश हाथीबेड ने तैश में आकर नारायण पर चाकू से हमला कर दिया।
दोस्त ने दोस्त को किया घायल
अमरावती से नागपुर घूमने आए तीन दोस्तों के बीच भोजन करने की बात को लेकर अनबन होने पर एक दोस्त ने दूसरे दोस्त को चाकू घोंप दिया। घायल फारुख खान सईद खान (24), अंसारी नगर, अमरावती निवासी है। फारूख की शिकायत पर लकड़गंज पुलिस ने आरोपी सैयद फैजान सैयद शफी (20) और शेख तौसिफ शेख लतीफ (20), रतनगंज, अमरावती निवासी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार तीनों दोस्त 7 अगस्त को रात करीब 11.45 बजे दिल्ली गली, गंगा जमुना पहुंचे। यहां तीनों में भोजन करने के लेकर अनबन हुई। एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर सैयद फैजान ने चाकू से फारुख खान को जख्मी कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संपत्ति विवाद में चाचा को घोंपा चाकू
संपत्ति विवाद में मध्यस्थता करने पर भतीजे ने चाचा को चाकू घोंप दिया। जरीपटका थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। जख्मी कमलेश संतापे (35), नारा रोड, भीम चौक निवासी है। आरोपी कमलेश का भतीजा उदय संतापे (18) है। शनिवार को दोपहर 3.15 बजे उदय प्लॉट के बंटवारे के बारे में अपनी दादी से बात कर रहा था। जिससे उनमें विवाद हो गया। उन्हें आपस में लड़ते हुए देखकर कमलेश ने मध्यस्थता कर विवाद शांत करने का प्रयास किया, तो उदय, कमलेश से ही भिड़ गया और तैश में आकर चाकू से कमलेश पर वार कर दिया। कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कमलेश की शिकायत पर उदय के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है
नाकाबंदी में पकड़े गए 6 आरोपी, डिक्की में मिले चाकू
नया थाना अंतर्गत कलमना मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान रविवार को सहायक पुलिस उपनिरीक्षक संजय पिल्ले, पुलिस कर्मचारी कमल कनोजिया आदि वाहनों की जांच कर रहे थे। शाम 6.30 से 7 बजे के बीच कामठी के हॉकी बिल्डिंग चौक से कलमना की ओर दोपहिया मेस्ट्रो और एक्टिवा पर 6 लोग तेज गति से जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह कलमना की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर रिद्धि-सिद्धि काॅलोनी के सामने उन्हें धरदबोचा। पूछताछ में सवालों का टालमटोल जवाब देने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो डिक्की में चाकू दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि, सभी आरोपी यशोधरा नगर पुलिस स्टेशन थाना क्षेत्र निवासी हैं।
दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस ने इन सभी का रिकॉर्ड खंगाला तो इनमें दो युवकों पर हत्या, तीन पर लूटपाट, जान से मारने की धमकी देना जैसे प्रकरण दर्ज होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने नाबालिग के अभिभावकों को बुलाकर सूचना पत्र देकर छोड़ दिया। पांचों आरोपियों को थाने में लाकर देर रात तक पूछताछ जारी थी। समाचार लिखे जाने तक प्रकरण दर्ज होना बाकी था। हालांकि, पुलिस उप-निरीक्षक श्याम वारंगे ने बताया कि, पांचों आरोपियों की गतिविधियों को देखते हुए उन पर डकैती का मामला दर्ज किया जाएगा। आरोपियों से 2 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।
Created On :   9 Aug 2021 12:33 PM IST