"क्या रे दिखता नहीं क्या' बोलने पर घोंप दिया चाकू, घायल मजदूर की मौत

Knife stabbed after speaking, Kya re not visible kya
"क्या रे दिखता नहीं क्या' बोलने पर घोंप दिया चाकू, घायल मजदूर की मौत
"क्या रे दिखता नहीं क्या' बोलने पर घोंप दिया चाकू, घायल मजदूर की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के पीली नदी इलाके में एक कंपनी के मजदूर की हत्या करने वाले तीन आरोपियों को अपराध शाखा पुलिस विभाग की यूनिट-5 ने  धर-दबोचा। आरोपियों के नाम रजा रियाज खान (20) ऊंटखाना कैंटोमेंट एरिया कामठी, आफताब अशफाक खान (20) पटेल नगर कन्हान और मनोज कुमार उर्फ करण जैतराम मंडई (23) जुनी खलासी लाइन कामठी निवासी है। आरोपियों को यशोधरा नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। तीनों आरोपी गत 17 नवंबर की रात करीब 9.45 बजे मोहम्मद तैहसीन मो. मुबीत अंसारी (23) गरीब नवाज नगर निवासी की हत्या कर फरार हो गए थे। मोहम्मद तैहसीन अंसारी का कसूर सिर्फ इतना था कि आरोपियों की दोपहिया वाहन का उसके वाहन को धक्का लगने पर उसने कहा कि " क्या रे दिखता नहीं क्या"। यह सुनकर रजा रियाज खान और उसके दोस्त मो. तैहसीन अंसारी के पेट में चाकू मार दिया। आरोपी उसे मृत समझकर भाग गए। घायल  को मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तब यशोधरानगर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया। 

साइबर पुलिस की मदद से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार पीली नदी इलाके के अमरनाथ बर्फ फैक्टरी के पास योगी अरविंद नगर पुलिया के पास तीनों आरोपियों ने मिलकर मोहम्मद तैहसीन अंसारी की हत्या कर दी थी। साइबर पुलिस की मदद से आरोपियों के मोबाइल का लोकेशन पता किया गया। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि मृतक युवक एक कंपनी में काम करता था। आरोपियों की खोजबीन के लिए पुलिस ने 40 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज और 35 संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की थी।

नीचे गिरने पर फोन लेकर भागे 
आरोपी रजा और उसके साथियों के हमले में मोहम्मद तैहसीन नीचे गिर गया। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी गिर पड़ा। आरोपी रजा ने उसका मोबाइल फोन उठाकर जेब में रख लिया, घर जाने के दौरान रास्ते में उसका सिमकार्ड निकालकर फेंक दिया। घटना के करीब 4 दिन बाद आरोपी रजा मध्य प्रदेश के जुन्नारदेव में किसी रिश्तेदार की शादी में गया। वहां पर जाने के बाद रजा ने कोराडी में छीने गए मोबाइल फाेन के सिमकार्ड को मोहम्मद तैहसीन अंसारी के मोबाइल फोन  में डाला। उसके बाद उसने नागपुर में एक दोस्त को फोन लगाया। रजा ने जिसे फोन किया जब वह पहचाना नहीं, तो नाम पूछने पर रजा खान बताया और उसके बाद मोबाइल फोन बंद कर दिया। इधर नागपुर की पुलिस आरोपियों की खोजबीन में लगी थी। साइबर पुलिस को सुराग मिल गया कि कोराडी क्षेत्र से छीने गए मोबाइल के सिमकार्ड को मध्यप्रदेश से ऑपरेट किया गया है। पुलिस ने कोराडी के उस सिमकार्ड से नागपुर में जिस युवक को रजा ने फोन किया था, उस युवक का पता निकाल लिया। इसके बाद पुलिस ने खबरियों के माध्यम से रजा का पता मिल गया। शक की सुई रजा पर तब जा टिकी जब पुलिस को पता चला कि वह मध्यप्रदेश के जुन्नारदेव में किसी रिश्तेदार की शादी में गया है। पुलिस ने उसके घर आते ही हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में रजा ने सारे राज खोल दिया। बुधवार को रजा को पुलिस ने मोहम्मद तैहसीन की हत्या के आरोप में गिरफ़्तार किया। आरोपी रजा की निशानदेही पर यूनिट-5 ने उसके साथी मोहम्मद आफताब और मनोज कुमार मंडई को गिरफ्तार किया है।


 

Created On :   26 Nov 2020 4:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story