- Home
- /
- कोविड-19 : एरिया में 250 से अधिक...
कोविड-19 : एरिया में 250 से अधिक लोग संक्रमित फिर भी क्वारेंटाइन का विरोध

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मोमिनपुरा में एक ही परिवार के 8 सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिलनेे के बाद परिवार के अन्य सदस्यों को क्वारेंटाइन करने गए मनपा दस्ते को दूसरी बार खाली हाथ लौटना पड़ा। एक दिन पूर्व का अनुभव देखते हुए मनपा दस्ता भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहंुचा, लेकिन विरोध के चलते किसी को क्वारेंटाइन नहीं किया जा सका। मोमिनपुरा प्रतिबंधित क्षेत्र से अभी तक 250 से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। आैर यह महाराष्ट्र में प्रतिबंधित क्षेत्र का सबसे बड़ा आंकड़ा कहा जा रहा है। मोमिनपुरा के जिस परिवार से 8 कोरोना पॉजिटिव मिलेे, उस इमारत में करीब 40 लोग रहते हैं। 13 लोगों को क्वारेंटाइन किया गया था, जिनमें से पहले 3 आैर बाद में 5, इस प्रकार 8 लोग कोरोना पॉजिटिव मिलेे हैं।
जब पुलिस बल के साथ मनपा दस्ता घटनास्थल पर पहुंचा था, तब संबंधित लोगों ने ‘हाई रिस्क कांटैक्ट’ में होने का पत्र मनपा दस्ते से मांगा था। मनपा ने इस प्रकार का पत्र देने से इनकार कर दिया, तो बस्ती के लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। दोपहर 12 बजे पहुंची मनपा टीम को शाम 7 बजे बैरंग लौटना पड़ा था। मनपा अधिकारियों ने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। गुरुवार को मनपा का दस्ता राज्य आरक्षी पुलिस बल के हथियारबंद जवानों के साथ फिर घटनास्थल पर पहुंचा। तहसील थाने का भारी पुलिस बल भी परिसर में तैनात किया गया। शाम 5 बजे से मनपा अधिकारी पुलिस बल के साथ संबंधित इमारत के समीप खड़े रहे, लेकिन रात 8.30 बजे तक किसी को क्वारेंटाइन नहीं किया जा सका
खाली लौटी दो बसें
लोगों को क्वारेंटाइन करने के लिए घटनास्थल पहुंची मनपा की दो बसें 3 घंटे वहां रुकने के बाद खाली लौट गईं। एसआरपीएफ के हथियारबंद जवानों को भी उनके प्वाइंट पर वापस भेज दिया गया।
Created On :   5 Jun 2020 7:13 AM GMT