कोविड मरीजों की लूट, विम्स अस्पताल की पुलिस में शिकायत

Kovid robbed of patients, complaint to police of Vims Hospital
कोविड मरीजों की लूट, विम्स अस्पताल की पुलिस में शिकायत
कोविड मरीजों की लूट, विम्स अस्पताल की पुलिस में शिकायत

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  निजी अस्पतालों में कोविड मरीजों की लूट पर पूर्व महापौर संदीप जोशी के आक्रामक होने पर मनपा प्रशासन नींद से जागा। विम्स अस्पताल को वसूल किए अतिरिक्त 2 लाख, 64 हजार 540 रुपए 2 दिन में मरीज को लौटाने के आदेश दिए। अस्पताल के एक डॉक्टर और मरीज के रिश्तेदार के साथ हुए संवाद की ऑडियो क्लिप व अन्य सबूतों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की सदर पुलिस थाने में मनपा प्रशासन ने शिकायत की है।

गोरखधंधा बदस्तूर जारी
कोविड के प्रादुर्भाव से शहर सहम गया। मरीजों को बेड मिलना मुश्किल हो गया। मौके का फायदा उठाकर निजी अस्पतालों ने मरीजों को लूटने का गोरखधंधा चलाया। अनाप-शनाप बिल वसूल किया जा रहा है। दरअसल, 80 प्रतिशत बेड कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित कर सरकारी रेट से बिल लेने के सरकार ने आदेश जारी किए। इसे नजरअंदाज कर मरीजों की लूट बदस्तूर जारी है।

बिना डिपॉजिट भर्ती से इनकार
मौके का फायदा उठाकर अनेक अस्पतालों ने डिपॉजिट लेकर मरीज को भर्ती करने का नियम बना लिया। 50 हजार से 2 लाख रुपए तक डिपॉजिट लिया गया, लेकिन मरीज के डिस्चार्ज होने पर बिल देने से भी मना कर दिया गया। 

दिखावा बनकर रह गए मनपा के ऑडिटर 
निजी अस्पतालों में 80 प्रतिशत बेड पर भर्ती मरीजों के बिल का सरकारी रेट से ऑडिट करने के लिए ऑडिटर नियुक्त किए गए। ऑडिटर से बिल पास किए बिना ही मरीजों से मोटी रकम वसूल की गई। बताया जाता है कि अस्पताल प्रबंधनों ने ऑडिटर को भी मैनेज कर लिया।

पूर्व महापौर ने खोला मोर्चा 
निजी अस्पतालों में मरीजों की लूट की शिकायतें बढ़ने पर पूर्व महापौर संदीप जोशी ने मोर्चा खोला। उन्होंने मनपा प्रशासन से मरीजों को लूट रहे अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। मनपा प्रशासन हरकत में नहीं आने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी। जोशी के आक्रामक होने पर मनपा प्रशासन नींद से जागा।

अस्पताल पर मनपा मेहरबान
मरीज की लूट के सभी सबूत देने के बावजूद विम्स अस्पताल पर मनपा प्रशासन की मेहरबानी से जोशी खफा हैं। अपनी जिम्मेदारी झटककर गेंद पुलिस के पाले में डाल दी गई है। मनपा प्रशासन के रवैये से नाराज जोशी ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करने पर आंदोलन की भूमिका पर अड़े रहने की पुन: चेतावनी दी है।

मरीजों की शिकायतों के आधार पर 13 अस्पतालों को नोटिस भेजे गए। 3 दिन में ठोस कार्रवाई करने का जोशी को अश्वस्त किया गया। उसी में से एक विम्स अस्पताल को जयेश साखरकर से वसूल की गई 2 लाख, 64 हजार 540 रुपए अतिरिक्त रकम 2 दिन में लौटाने के अस्पताल प्रबंधन को आदेश जारी किए गए। मरीज ने दी ऑडियो क्लिप की जांच कर उचित कार्रवाई करने की सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की।

Created On :   20 May 2021 6:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story