- Home
- /
- अचलपुर में पीएसआई के घर लाखों की...
अचलपुर में पीएसआई के घर लाखों की चोरी

डिजिटल डेस्क, अचलपुर ( अमरावती)। शहर के अलकरीम काॅलोनी निवासी अचलपुर थाने में कार्यरत पुलिस उपनिरीक्षक के यहां शातिर चोर ने सेंध लगाकर 4 लाख 50 हजार रुपए का माल उड़ा लिया। इस घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। जानकारी के मुताबिक अचलपुर थाने में कार्यरत पुलिस उपनिरीक्षक अलकरीम काॅलोनी निवासी अतीक अहमद खान की पत्नी बीमार होने से वह घर में ताला लगाकर मुंबई गए थे। तभी रविवार की रात शातिर चोरों ने घर के ताले तोड़कर अलमारी से सोने के आभूषण व नकद राशि सहित कुल 4 लाख 50 हजार रुपए का माल चुरा लिया।
सोमवार को सुबह इस पुलिस अधिकारी का भांजा उनके घर पहुंचा तो उन्हें मकान के चार ताले टूटे हुए नजर आए। उन्होंंने अपने मामा को घटना की जानकारी देकर तत्काल अचलपुर पुलिस को सूचित किया। जानकारी मिलते ही पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व श्वान पथक को घटनास्थल बुलाया गया। लेकिन पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस अधिकारी के यहां चोरी की घटना घटित होने से क्षेत्र के नागरिकों में खलबली मच गई है। पुलिस प्रशासन के सामने आरोपी को पकड़ने की चुनौती है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Created On :   25 Jan 2022 3:13 PM IST