- Home
- /
- देश को उत्कृष्ट जज और वकील देगा...
देश को उत्कृष्ट जज और वकील देगा विधि यूनिवर्सिटी : न्या. बोबड़े

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकतंत्र के चार स्तंभों में से एक न्यायपालिका को सशक्त करने के लिए अच्छी विधि शिक्षा प्रणाली महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से महाराष्ट्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की बुनियाद रखी गई थी। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से लेकर न्यायपालिका और राजनीति के अनेक व्यक्तियों ने इसके विकास में योगदान दिया। अब यह यूनिवर्सिटी देश को बेहतर परिणाम देने के लिए तैयार है।
न्यायशास्त्र पढ़ाएंगे
देश के मुख्य न्यायाधीश शरद बोबड़े ने बुधवार को महाराष्ट्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एमएनएलयू) नागपुर की नई एकेडमिक बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विचार रखे। उन्होंने कहा कि इस यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों को सीधे न्यायाधीश बनने की ट्रेनिंग दी जाएगी। पाठ्यक्रम में ही उन्हें कोर्ट रूम अनुभव, जजों के साथ समय व्यतित करने और अन्य प्रकार का प्रशिक्षण मिलेगा। इससे पाठ्यक्रम की समाप्ति तक वे जज बनने के लिए पात्र हो जाएंगे। प्राचीन भारतीय ज्ञान पर निर्भर न्यायशास्त्र नामक पाठ्यकम भी कवि कुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय के साथ मिल कर शुरू किया गया है। ऐसे में मुझे पूरा विश्वास है कि यह विश्वविद्यालय देश को बेहतर जज और वकील प्रदान करेगा।
गरीबों को भी मिले कानूनी मदद प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि विधि विवि से शिक्षा लेने के बाद विद्यार्थियों का कर्तव्य है कि वे अपने ज्ञान का फायदा समाज के आर्थिक रूप से कमजोर तबकों को भी प्रदान करें। उन्हें भी बेहतर कानूनी मदद का अधिकार है। महंगी फीस के कारण वे इससे वंचित नहीं रहने चाहिए। जिस प्रकार एक मूर्तिकार प्राण फूंक कर गणेश व दुर्गा की प्रतिमा बनाता है, ऐसे ही शिक्षकों को पूर्ण समर्पण भाव से भविष्य के बेहतर जज और वकील तैयार करने हैं। विवि को राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी।
इन्होंने रखे विचार
कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि उपस्थित सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति भूषण गवई ने कहा कि यूनिवर्सिटी की निर्मिति निजी सार्थकता का ही एक क्षण है। असल मायनों में गुरुकुल की संकल्पना इस विवि के माध्यम से साकार हो रही है। इस दौरान ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराते हुए केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का ही एक मजबूत स्तंभ है। विधि यूनिवर्सिटी इसे और मजबूत करने में सहकार्य करेगा। कार्यक्रम में बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्या. दीपांकर दत्ता, प्रदेश उच्च शिक्षा मंत्री उदय सामंत, नागपुर जिले के पालकमंत्री नितीन राऊत, विपक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस और नागपुर खंडपीठ के प्रशासकीय न्या. सुनील शुक्रे ने भी विचार व्यक्त किए। प्रस्तावना यूनिवर्सिटी कुलगुरु डॉ. विजेंद्र कुमार ने रखी। यूनिवर्सिटी शिक्षकों, विद्यार्थियों और पालकों के लिए कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया था।
न्या. गवई बने यूनिवर्सिटी कुलपति
न्या. बोबड़े ने संबोधन में न्या. भूषण गवई को विश्वविद्यालय के नए कुलपति के रूप में घोषित किया। 23 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने वाले न्या. बोबड़े इस विवि के पहले कुलपति हैं। उनके बाद न्या. गवई यह जिम्मेदारी संभालेंगे। न्या. बोबड़े ने बताया कि 13 अप्रैल को उन्होंने न्या. गवई का बतौर कुलपति नामांकन कर दिया है।
Created On :   15 April 2021 10:02 AM IST