- Home
- /
- LEC बंद, कॉलेजों को एकेडमिक ऑडिट...
LEC बंद, कॉलेजों को एकेडमिक ऑडिट के आधार पर मिलेगी सम्बद्धता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। यूनिवर्सिटी ने कॉलेजों को सम्बद्धता देने के अपने नियमों में बदलाव किया है। अब तक यूनिवर्सिटी लोकल इंक्वायरी कमेटी (एलईसी) भेज कर कॉलेज में मौजूद सुविधाओं की जांच कराता था, इसके बाद कॉलेजों को सम्बद्धता दी जाती थी, लेकिन आगामी शैक्षणिक सत्र 2019-20 से कॉलेजों में LEC नहीं भेजी जाएगी, बल्कि एकेडमिक ऑडिट के बाद कॉलेज को सम्बद्धता देने पर विचार किया जाएगा।
कॉलेजों को शपथपत्र देना होगा
LEC को बंद करके विवि ने संबंधित फैकल्टी के लिए अधिष्ठाता की अध्यक्षता में एकेडमिक ऑडिट कमेटी के गठन का निर्णय लिया है। एकेडमिक ऑडिट के लिए कॉलेज को यूनिवर्सिटी में आवेदन और जरूरी दस्तावेज जोड़नें होंगे। कॉलेजों को शपथपत्र देना होगा कि, ये तमाम दस्तावेज पूरी तरह सही हैं। दस्तावेजों के आधार पर कमेटी कॉलेज का मूल्यांकन करके ग्रेड तय करेगी। कॉलेजों को ए,बी,सी,डी ग्रेड मिलेगा। डी ग्रेड प्राप्त कॉलेज को सम्बद्धता नहीं दी जाएगी। हां, किसी कॉलेज के खिलाफ शिकायत मिली, तो यूनिवर्सिटी अपनी जांच समिति भेज कर कॉलेज का भौतिक निरीक्षण कराएगी। नागपुर यूनिवर्सिटी एकेडमिक ऑडिट की अधिकांश प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करने की तैयारी कर रहा है। यूनिवर्सिटी इसके लिए एक नया सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा है।
ऐसा होगा एकेडमिक ऑडिट
कॉलेज में शैक्षणिक स्तर, सुविधाएं, परीक्षा प्रणाली, परिणाम, वित्त व प्रशासनिक प्रणालियों का इसमें मूल्यांकन किया जाएगा। इस आधार पर हुए मूल्यांकन के बाद नागपुर विश्वविद्यालय कॉलेजों को तीन वर्षों के लिए ए,बी,सी या डी ग्रेड प्रदान करेगा। बता दें कि, अब तक विश्वविद्यालय की लोकल इंक्वायरी कमेटी कॉलेजों का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लेती थी। इस आधार पर कॉलेजों को सम्बद्धता दी जाती थी, लेकिन इसकी जगह विवि ने एकेडमिक ऑडिट करने का निर्णय लिया है। इसके लिए गठित समिति में एक्सटर्नल और इंटरनल मूल्यांकनकर्ताओं का समावेश होगा। इनमें इंजीनियर, सीए और अन्य विशेषज्ञों को शामिल किया गया है।
हमनें अब LEC बंद करके कॉलेजों का एकेडमिक ऑडिट करने का निर्णय लिया है। यह प्रक्रिया ऑनलाइन करने की तैयारी की जा रही है। एकेडमिक ऑडिट में जो ग्रेड मिलेगा, उसके आधार पर कॉलेज को सम्बद्धता देने पर विचार किया जाएगा।
- डॉ. प्रमोद येवले, प्र-कुलगुरु, नागपुर विश्वविद्यालय
Created On :   24 April 2019 12:29 PM IST