तेंदुआ और बाघ ने गाय व बैल का किया शिकार

Leopard and tiger hunted cow and bull
तेंदुआ और बाघ ने गाय व बैल का किया शिकार
दहशत तेंदुआ और बाघ ने गाय व बैल का किया शिकार

डिजिटल डेस्क, नागपुर ।  पारशिवनी तहसील के गवना में शनिवार को तड़के करीब 4 बजे तेंदुए ने गाय का शिकार किया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार गवना निवासी उमराव ठाकरे ने गाय को खेत में बने कोठे में बांधा था। जब उमराव ठाकरे खेत में पहुंचा तब घटना का खुलासा हुआ। पीड़ित किसान ने इसकी सूचना पारशिवनी के वनपरिक्षेत्र कार्यालय को दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर वन विभाग के रमेश उकेबोंदरे पहुंचे और पंचनामा किया। पीड़ित किसान को वन विभाग की ओर से तत्काल मदद करने की मांग गवना के पुलिस पाटील शिवराम ठाकरे व ग्रामीणों ने की है।
एक माह से जारी है दहशत :  विगत एक माह से गवना, गरंडा, वाघोड़ा, सोनेगांव, पालोरा, मेहंदी और नयाकुंड परिसर में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। वन विभाग से जल्द और उचित उपाय योजना करने की मांग ग्रामीण कर रहे हैं।

बाघ ने तबेले में घुसकर किया शिकार
 भिवापुर तहसील के झिलबोड़ी परिसर में बाघ ने एक बैल का शिकार किया। घटना रविवार को तड़के करीब 5 बजे हुई। जानकारी के अनुसार झिलबोड़ी निवासी किसान दौलत ठाकरे जब सुबह अपने खेत में पहुंचा, तो कोठे में बंधे दो बैल में से एक बैल नहीं दिखा। परिसर में खोजबीन करने पर कुछ दूरी पर बैल मृत अवस्था में दिखाई दिया। बैल के शरीर पर पंजे तथा गर्दन पर दांतों के निशान पाए गए। घटना की सूचना वनविभाग को दी गई। वनविभाग ने पंचनामा कर बैल की कीमत करीब 70,000 हजार रुपए आंकी है। 
ट्रैप कैमरे लगाएं : परिसर में बाघ की दहशत बढ़ गई है। बावजूद वनविभाग ने ट्रैप कैमरे नहीं लगाए हैं। ट्रैप कैमरा लगाकर बाघ को पकड़ने की मांग ग्रामीणों ने की है।

Created On :   27 Dec 2021 10:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story