नागपुर में महाराजबाग उद्यान के करीब पहुंचा तेंदुआ

Leopard reached near Maharajbagh garden in Nagpur
नागपुर में महाराजबाग उद्यान के करीब पहुंचा तेंदुआ
नागपुर में महाराजबाग उद्यान के करीब पहुंचा तेंदुआ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शुक्रवार 28 मई को आईटी पार्क के गायत्री नगर में तेंदुए के घुसने की बात सामने आई थी। उसके बाद शुक्रवार की रात 2 बजकर 15 मिनट पर इंद्रपरी सॉफ्टवेयर कंपनी की कंपाउंड वॉल पर उसे ट्रस्ट सिस्टम एंड सॉफ्टवेयर कंपनी के गार्ड ओमप्रकाश नायडू ने देखा। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई। पूरा दल खोजता रहा, लेकिन कहीं तेंदुआ नजर नहीं आया। इसके बाद 31 मई सोमवार को दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर महाराजबाग के पीछे बनी नई पुलिया में उसे खड़े देखा गया। महाराजबाग में एनिमल कीपर आशा निखारे ने जैसे ही तेंदुए को देखा, तुरंत भागकर कार्यालय में सूचना दी। फिर वन विभाग को जानकारी दी गई। वन विभाग ने रेस्क्यू टीम को रवाना किया, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। उसकी की तलाश में आरएफओ रेस्क्यू, हिंगना आरएफओ, नागपुर सेमिनरी हिल्स आरएफओ के करीब 50 लोगों की टीम लगी हुई है।

साथ वालों को बताया कि तेंदुआ खड़ा है
प्रत्यक्षदर्शी आशा ने बताया कि रोज की तरह वह मोगली गार्डन के पास घास तोड़ रही थीं। साथ में एक महिला और दो पुरुष कर्मचारी  भी थे। दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर उसकी नजर नई पुलिया की तरफ गई। उसने देखा कि पुलिया पर तेंदुआ खड़ा है। साथियों को भी इशारा किया। घबराकर सभी वहां से कार्यालय की ओर दौड़े और तेंदुआ दिखाई देने की खबर दी। आशा ने बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से महाराजबाग में है, लेकिन इस तरह की घटना उसके साथ पहली बार हुई।  

मोगली गार्डन और पुलिया के बीच दूरी कम
महाराजबाग के डॉ. सुनील बावस्कर ने बताया कि आशा ने जैसे तेंदुआ दिखने की जानकारी दी, हमें तुरंत वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग की टीम तुरंत ही आ गई। मोगली गार्डन और पुलिया की दूरी लगभग 15 मीटर की है। महाराजबाग में लगभग 25 सीसीटीवी कैमरे हंै। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी रखी जा रही है, लेकिन तेंदुए का पता नहीं चला। हो सकता है कि वह नाले की पुलिया के पास से ही दूसरी तरफ चला गया हो। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को वीएनआईटी स्थित गायत्री नगर में तेंदुए को देखे जाने की बात सामने आई थी। वीएनआईटी से महाराजबाग तक खेत या नाले से आया होगा। महाराजबाग के सभी कर्मचारियों को सूचित किया गया है कि अकेले न घूमें। अपने साथ सुरक्षा की वस्तुएं लेकर ही चलें। तेंदुए को ढूंढने के लिए तुरंत ही नई जगहों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। इसमें पीकेवी, अतिथि गृह, क्रेजी कैसल, वीएनआईटी आदि जगह शामिल हैं। यहां नए कैमरे लगाए गए हैं।

चकमा दे रहा बार-बार
जब पहली बार नजर आया... शुक्रवार 28 मई को आईटी पार्क के पास गायत्री नगर इलाके में तेंदुआ घुस आने की बात सामने आई थी। सुबह 9.30 बजे गायत्री नगर निवासी नरेन्द्र चकोले कूलर में पानी भरने के लिए जैसे ही बाथरूम में गया, उसे एक फीट की दूरी पर बैठा तेंदुआ नजर आया। चकोले चिल्लाते हुए भागा, तब तक तेंदुए ने उनके पैर पर पंजा मार दिया। इसके बाद तेंदुआ पड़ोसी किशोर जगताप के घर घुस गया। किशोर जगताप हाथ धोने के लिए बाथरूम गया, तो तेंदुआ नजर आया। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। टीम उसे पकड़ने में सफल नहीं हो पाई। वन विभाग के एक अधिकारी का कहना था कि तेंदुआ घुस आने की बात का खुलासा नहीं हो पाया है। परिसर में उसके पगमार्ग (फुट प्रिंट) नहीं मिले हैं। 

दूसरी बार यहां दिखा...तेंदुए को रात 2 बजकर 15 मिनट पर इंद्रपरी सॉफ्टवेयर कंपनी की कंपाउंड वॉल पर ट्रस्ट सिस्टम एंड साॅफ्टवेयर कंपनी के गार्ड ओमप्रकाश नायडू ने देखा।  

और तीसरी बार यह दावा...सोमवार 31 मई को महाराजबाग की कर्मचारी आशा निखारे ने मोगली गार्डन से 15 मीटर की दूरी पर नई पुलिया के पास देखा। 


 

Created On :   1 Jun 2021 6:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story