- Home
- /
- नागपुर के ऑर्डनेंस फैक्टरी परिसर...
नागपुर के ऑर्डनेंस फैक्टरी परिसर में फिर नजर आया तेंदुआ

डिजिटल डेस्क,नागपुर। वाड़ी परिसर के ऑर्डनेंस फैक्टरी परिसर में फिर एक बार तेंदुआ दिखाई देने से दहशत फैल गई है। शुक्रवार को वन विभाग को इसकी जानकारी मिलते ही एक टीम दिनभर सर्च अभियान में जुटी रही। हालांकि, तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया। परिसर में तेंदुए होने की पुष्टि करने के लिए 5 ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।
जुलाई माह में दिखाई दिया था
बता दें कि, इस क्षेत्र में 15 जुलाई को भी तेंदुआ दिखाई दिया था, तब करीब एक सप्ताह तक वन विभाग ने परिसर में खाक छानी थी, लेकिन तब भी तेंदुए का नामोनिशान नहीं मिला था। तीन माह में फिर तेंदुए ने यहां दस्तक दी है। कार्य प्रबंधक दीपक लांबा ने एक पत्र जारी कर डिफेंस के सभी कर्मचारियों को सावधान रहने की चेतावनी दी है।
रात में भी रेस्क्यू ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम को डिफेंस गेट नं.-2 पर किसी कर्मचारी को तेंदुआ दिखाई दिया। इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई। उपरांत डिफेंस के सुरक्षा गार्डों तथा वन विभाग की टीम ने पूरे क्षेत्र की छानबीन करना शुरू किया। सुरक्षा गार्ड तेंदुए पर लगातार नजर रखे हुए हैं। रात में रेस्क्यू मुहिम भी चल रही है। डिफेंस क्षेत्र वैसे तो निवासी क्षेत्र भी है। दोनों गेट से आवागमन शुरू रहता है। अब तेंदुए दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सुरक्षा के लिए डिफेंस प्रबंधक ने तुरंत पत्र जारी कर ने सीसीएस सेक्शन व एवं स्टोर इशू के पास तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी दी है।
डिफेंस क्षेत्र में आमजन व मवेशियों पर कोई रोक नहीं
डिफेंस क्षेत्र बड़ा है। जंगल में बसा क्षेत्र है। प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद पूरे क्षेत्र में कोई रोक-टोक नहीं है। जंगल का होने से यहां मवेशियों को चराने के लिए लाया जाता है। इस कारण तेंदुआ अपने शिकार को ढूंढने परिसर में घूमता है। डिफेंस क्षेत्र में इंसानों के साथ मवेशियों पर भी प्रतिबंध है, लेकिन कई सालों से इस समस्या पर आला प्रशासन सुस्त है। अब तेंदुआ दिखाई देते ही प्रशासन जागा है, लेकिन सुरक्षा आज भी उतनी चाक-चौबंद नहीं है। डिफेन्स क्षेत्र में और सुरक्षा बढ़ाने की मांग हो रही है।
Created On :   13 Nov 2021 9:06 PM IST