- Home
- /
- अमरावती के महादेवखोरी में तेंदुए का...
अमरावती के महादेवखोरी में तेंदुए का विचरण

डिजिटल डेस्क, अमरावती। शहर के महादेवखोरी से सटकर स्थित राजेंद्र नगर के निकट पहाड़ी से तेंदुआ जाता हुआ क्षेत्र के नागरिकों को दिखाई देने पर परिसर में दहशत व्याप्त है। नागरिकों द्वारा तत्काल वनविभाग को सूचना देने पर वड़ी वनपरिक्षेत्र के दल ने तत्काल वहां पहुंचकर जायजा भी लिया आैर नागरिकों को सतर्क रहने की सूचना दी। जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम 6 बजे के दौरान महादेवखोरी के राजेंद्रनगर परिसर में निर्मलधाम सोसायटी में रहनेवाले कुछ नागरिक सोसायटी के बाहर शाम के समय टहल रहे थे तब उन्हें समीप की पहाड़ी से मोर की आवाज सुनाई देने से नागरिकों की नजर पहाड़ी पर गई। तब उन्हें तेंदुआ वहां से जाता दिखाई दिया।
तेंदुए को देखते ही नागरिक चिखने लगे। अनेक नागरिकों ने तेंदुए को निकट से देखा। वह काफी आराम के साथ वहां से गुजर रहा था। सोसायटी व परिसर के नागरिकों ने भयभीत होकर अपने मकान के दरवाजे व खिड़कियां बंद कर दी आैर छत पर जाकर अपने मोबाईल से उस तेंदुए को अपने कैमरे में कैद करने लगे। नागरिकों के मुताबिक वह तेंदुआ भानखेडा की तरफ जंगल से जाता हुआ दिखाई दिया। दो दिन पूर्व भी परिसर के नागरिकों को तेंदुए के दर्शन हुए थे। घटना की जानकारी नागरिकों द्वारा वडाली वनविभाग को देते ही वनविभाग का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा। उन्होंने जंगल परिसर का जायजा लेते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
Created On :   10 Aug 2022 12:34 PM IST