- Home
- /
- महाराष्ट्र में पूरी तरह नहीं हटेगा...
महाराष्ट्र में पूरी तरह नहीं हटेगा लॉकडाउनः उद्धव ठाकरे

डिजिटल डेस्क,मुंबई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि वह राज्य में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाए लॉकडाउन को केवल आर्थिक चिंताओं के कारण पूरी तरह से हटाने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी से पैदा हुई चुनौती पर विचार करते हुए स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है। शिवसेना के मुखपत्र सामना को दिए इंटरव्यू में उन्होंने यह बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं कभी नहीं कहूंगा कि लॉकडाउन को पूरी तरह से हटाया जाएगा। लेकिन मैंने कुछ चीजों को धीरे-धीरे फिर से खोलना शुरू कर दिया है। एक बार फिर से खुलने पर इसे दोबारा बंद नहीं किया जाना चाहिए। इसलिए मैं चरणबद्ध तरीके से कदम उठाना चाहता हूं। आप सिर्फ अर्थव्यवस्था या स्वास्थ्य के बारे में ही नहीं सोच सकते। दोनों के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है। राज्य में लागू लॉकडाउन 31 जुलाई तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि-यह महामारी एक वैश्विक युद्ध है। इसने पूरी दुनिया पर असर डाला है। जिन देशों ने यह सोचकर जल्दबाजी में लॉकडाउन हटा दिया था कि यह बीमारी खत्म हो गई है वे इसे फैलने से रोकने के लिए फिर से पाबंदियां लगाने पर मजबूर हैं। ऑस्ट्रेलिया में उन्हें सेना की सहायता लेनी पड़ी। उद्धव ने कहा कि कई लोग लॉकडाउन का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि लॉकडाउन से अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है। ऐसे लोगों से मैं कहना चाहूंगा कि मैं लॉकडाउन हटाने के लिए तैयार हूं लेकिन अगर इसकी वजह से लोगों की मौत हुई तो क्या आप जिम्मेदारी लेंगे? हम भी अर्थव्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।
फिलहाल लोकल ट्रेन सेवा नहीं
मुंबई में फिर से लोकल ट्रेनें शुरू करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या होगा अगर परिवार बीमार पड़ने लगे और उनके मकानों को सील कर दिया जाए? इसलिए हर चीज चरणबद्ध तरीके से होगी।अपनी सरकार के छह माह पूरे होने पर ठाकरे ने कहा कि वह कुछ निर्दलियों के समर्थन वाली तीन दलों के गठबंधन की सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल ठाकरे सरकार नहीं है बल्कि हर किसी की सरकार है खासतौर राज्य की जनता की सरकार है, जिन्होंने इसे स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि मैं राजनीतिक चुनौतियों की परवाह नहीं करता। लोगों का मुझ पर भरोसा है।
कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेता देवेन्द्र फडणवीस का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधा है। पार्टी के मुखपत्र को दिए इंटरब्यू में उद्धव ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को देश का सर्वोत्तम मुख्यमंत्री के रूप में चयनित किया गया है। इसलिए कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। पेट दर्द से भी कोरोना हो सकता है। सामना के कार्यकारी संपादक व शिवसेना सांसद संजय राऊत के इस सवाल कि विपक्ष के नेता फडणवीस खूब घूम रहे हैं। हाल ही में वे दिल्ली में थे। क्या वहां भी कोरोना की परिस्थिति को देखने गए होंगे? इसके जवाब में उद्धव ने कहा कि उन्होंने विधायक फंड पीएम केयर फंड यानि दिल्ली में दिया है। इसलिए वे दिल्ली जाकर महाराष्ट्र के कोराना की बात करते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खुद के घर में कैद होने को लेकर आरोपों के जवाब में कहा कि इस आरोप में दम नहीं है। अब तकनीक इतनी प्रगति कर चुकी है जिसका उपयोग नहीं कर सकते तो आप दुर्भाग्यशाली हो। फिलहाल, तकनीक के माध्यम से हम कितने सारे काम कर रहे हैं। मै यहां बैठे-बैठे पूरे महाराष्ट्र पर नजर रख रहा हूं।
Created On :   25 July 2020 6:15 PM IST