- Home
- /
- नागपुर में पहले चरण में होगा मतदान,...
नागपुर में पहले चरण में होगा मतदान, भूमिपूजन व उद्घाटन बंद
_730X365.jpg)
डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिले में पहले ही चरण में 11 अप्रैल को लोकसभा चुनाव होंगे। लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता की घोषणा होते ही सरकार साइलेंट मोड पर आ गई है। जिले में विविध योजनाओं के भूमिपूजन व उद्घाटन का सिलसिला चल रहा था। अब मतदान तक ये सारे कार्यक्रम बंद हो जाएंगे। चुनाव के पहले चरण में 11 अप्रैल को नागपुर व रामटेक लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान होगा। लिहाजा जिले में सोमवार से प्रशासनिक चुनाव कार्य तेज गति से होने लगेंगे। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से चुनाव की पूर्व तैयारी की गई है। मतदाता पंजीयन अभियान चलाया गया। नए मतदाता पंजीयन कराए गए हैं। 2014 के चुनाव की तुलना में इस लोकसभा चुनाव के लिए नागपुर लोकसभा क्षेत्र में 3 लाख 444 मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। नागपुर लोकसभा क्षेत्र में 20,77,583 व रामटेक लोकसभा क्षेत्र में 18,41,734 मतदाता हैं।
विधानसभा क्षेत्र पुरुष महिला अन्य कुल
दक्षिण पश्चिम 1,85,027 1,83,563 19 3,68,608
दक्षिण 1,86,976 1,84,142 1 3,68,608
पूर्व 1,85,784 1,70,563 14 3,56,433
मध्य 1,58,463 1,54,349 5 3,12,817
पश्चिम 1,76,743 1,72,702 6 3,49,451
उत्तर 1,88,008 1,81,112 45 3,69,165
मतदाता संख्या इस प्रकार है
जिले के 12 विधानसभा क्षेत्र में 40,26,594 मतदाता हैं। सर्वाधिक युवा मतदाता हैं। 18 से 39 उम्र के युवाओं की संख्या 42 प्रतिशत है।
4 माह के लिए चुना जाएगा काटोल में विधायक
काटोल विधानसभा के लिए उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है। लोकसभा के साथ ही काटोल उपचुनाव के लिए मतदान किए जाएंगे। कार्यकाल के लिहाज से देखा जाए तो काटोल उपचुनाव में जीतने वाला उम्मीदवार 4 माह के लिए ही विधायक होगा। उसके बाद राज्य विधानसभा के चुनाव होंगे। काटोल से विधानसभा की तैयारी कर रहे प्रमुख दावेदारों का उपचुनाव की घोषणा के साथ टेंशन बढ़ गया है। 4 माह में दो बार चुनाव मैदान में जाने के सवाल को लेकर वे संगठन व समर्थक मंडल स्तर पर चर्चा कर रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि इस उपचुनाव में समर्थक को मैदान में उतारकर कुछ दावेदार अगले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर काम करने की तैयारी में है।
Created On :   11 March 2019 11:58 AM IST