- Home
- /
- मतदाता जनजागरण के लिए "लोकतंत्र...
मतदाता जनजागरण के लिए "लोकतंत्र दीपावली' स्पर्धा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दीपावली दीपों का त्योहार, दीप प्रकाश, सकारात्मकता, आशा का प्रतीक माना जाता है। भारतीय संस्कृति में दीपावली का िवशेष महत्व है। उसी तरह भारत की चुनाव प्रक्रिया में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम और मतदाता सूची का महत्व है। संयोग से दीपावली और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम एक साथ आया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दीपोत्सव को लोकतंत्र दीपावली स्पर्धा का आयोजन किया है। इस स्पर्धा में नागरिकों से बड़ी संख्या में सहभागी होने का मनपा आयुक्त राधाकृष्णन बी. ने आह्वान किया है।
स्पर्धा का माध्यम आकाशदीप और रंगोली
आकाशदीप और रंगोली मतदाता जनजागरण का माध्यम बनाकर लोकतंत्र दीपावली स्पर्धा में सहभागी हो सकते हैं। इन माध्यमों में लोकतंत्र, चुनाव, मतदान का संदेश और मतदाता सूची में नाम दर्ज करने का आह्वान करना होगा। जनजागरण के लिए दाएं हाथ के अंगूठे पर स्याही का निशान, मतदान केंद्र, बैलेट पेपर, ईवीएम मशीन आदि प्रतीकों को प्रदर्शित किया जा सकेगा। मतदाता पंजीकरण, सूची से नाम हटाने, नाम, पता, जन्म तारीख, लिंग, उम्र, पहचान पत्र आदि गलती में सुधार की दृष्टि से घोषवाक्य का प्रयोग किया जा सकेगा। स्पर्धा सभी के लिए होगी।
स्पर्धकों से अपनी सामग्री 15 नवंबर तक https://forms.gle/hHf11MvySTVUmccZ6 लिंक पर भेजनी होगी। आकाशदीप और रंगोली स्पर्धा के स्वतंत्र पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 11 हजार, द्वितीय पुरस्कार 7 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपए रहेगा। दोनों स्पर्धा के लिए प्रत्येकी 1 हजार रुपए के 10 प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे। स्पर्धा तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
Created On :   3 Nov 2021 4:48 PM IST