सीएम से मिले लंदन के महापौर, अब वर्ल्ड सिटीज कल्चरल फोरम में शामिल होगी मुंबई

Londons mayor met with CM, Mumbai will join World Cities Forum
सीएम से मिले लंदन के महापौर, अब वर्ल्ड सिटीज कल्चरल फोरम में शामिल होगी मुंबई
सीएम से मिले लंदन के महापौर, अब वर्ल्ड सिटीज कल्चरल फोरम में शामिल होगी मुंबई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने विश्वास जताया कि सार्वजनिक परिवहन और मेडिकल पर्यटन क्षेत्र में एक-दूसरे के सहयोग से लंदन और मुंबई शहर के बीच नए अध्याय की शुरुआत होगी। सोमवार को मुख्यमंत्री से लंदन के महापौर सादिक खान ने मुलाकात की। वर्ल्ड सिटीज कल्चरल फोरम में मुंबई शहर को सदस्य के रूप में शामिल करने के लिए मुंबई मनपा के महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर और लंदन के महापौर खान ने संबंधित दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। 

लंदन और मुंबई में काफी समानता

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंदन और मुंबई में काफी समानता है। स्वास्थ्य, पर्यटन, फिल्म और परिवहन जैसे क्षेत्र में एक-दूसरे के सहयोग से दोनों शहरों में दोस्ती का नाता और अधिक दृढ़ होगा। साथ ही दोनों शहरों के बीच संबंधों का नया अध्याय शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई भारत की आर्थिक राजधानी है, लेकिन मुंबई को आर्थिक और प्रौद्योगिकी की दुनिया में विश्व मानचित्र पर लाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने दो बार लंदन शहर का दौरा किया है। लंदन की परिवहन व्यवस्था और नियंत्रण कक्ष के बारे में जानकारी हासिल की। लंदन की परिवहन व्यवस्था के अनुभव का फायदा मुंबई की सार्वजनिक परिवहन में सुधार करने में किया जाएगा। 

लंदन के प्रशासन से मिलती सीख

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंदन के प्रशासन से काफी कुछ सीखा जा सकता है। मुंबई की फिल्म सिटी का पुनर्विकास किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक से लैस फिल्म सिटी बनाई जा रही है। आधुनिक प्रौद्योगिकी और राज्य में शुरू किए जाने वाले मेडिकल पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए लंदन शहर का बहुमूल्य सहयोग मिलेगा। 

देश के पांच शहरों के दौरे पर आए लंदन के मेयर 

इस दौरान लंदन के महापौर खान ने कहा कि भारत के पांच शहरों के दौरे की शुरुआत मुंबई से करते हुए हमें खुशी हो रही है। मुंबई और लंदन ट्विन सिटीज हैं। लंदन की तरह मुंबई भी आर्थिक और व्यापार का केंद्र है। लंदन में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते हैं। लंदन के उपमहापौर भी भारतवंशी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्मार्ट सिटी की परिकल्पना अच्छी है। हमें इसमें सहयोग करने में आनंद होगा। 

Created On :   4 Dec 2017 2:05 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story