- Home
- /
- कोविड मरीजों की लूट : 21 मामलों की...
कोविड मरीजों की लूट : 21 मामलों की हुई सुनवाई, वापस मिलेगी रकम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोविड मरीजों से मनमाने ढंग से बिल वसूली पर अंकुश लगाने मनपा द्वारा गठित शिकायत निवारण समिति के सामने 21 मामलों की सुनवाई हुई। शिकायतकर्ता और अस्पताल प्रबंधन, दोनों पक्ष को सुनने के बाद समिति ने अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचकर 8 मामलों की रिपोर्ट मनपा प्रशासन को सौंप दी है। सभी मामलों में अस्पतालों पर मरीजों से अधिक बिल वसूल किए जाने पर मुहर लगाई गई है।
104 शिकायतें मिली हैं
शिकायत निवारण समिति को निजी अस्पतालों से अधिक बिल वसूल करने की 104 शिकायतें मिली हैं। समिति प्रतिदिन 10 मामलों की सुनवाई कर रही है। सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई करने के मनपा प्रशासन को अधिकार है।
शिकायतकर्ता से साठ-गांठ कर रहे अस्पताल
शिकायत निवारण समिति से शिकायत करने पर संबंधित अस्पताल बदनामी के डर से शिकायतकर्ता के साथ साठ-गांठ कर रहे हैं। ऐसे पांच मामले सामने आए हैं। उन्होंने शिकायत वापस ले ली है। अस्पताल प्रबंधन उन्हें ले-देकर उनका मुंह बंद करने में लगे हैं।
समिति को जांच में आ रहीं दिक्कतें
समिति के सामने आ रहे मामलों के अधिकांश मरीजों को पता ही नहीं है कि उन्हें किसी कैपिंग में भर्ती किया गया। दरअसल 80 प्रतिशत कैपिंग में सरकारी रेट पर बिल लेने के सरकार के निर्देश हैं। 20 प्रतिशत कैपिंग में अस्पताल प्रबंधन अपने रेट पर बिल वसूल कर सकता है। अस्पताल प्रबंधन के असहयोग से समिति को अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने में दिक्कत आ रही है।
29 मामलों में समिति के सामने पेंच
29 मामले ऐसे हैं, जिन्होंने पहले से अन्य जगह शिकायत कर रखी है। उसमें से कुछ मामलों में अदालत की शरण ली गई है। इन मामलों में समिति तय नहीं कर पा रही है कि जांच करें या पहले से जहां शिकायत की जा चुकी है, उसी को जांच करने दें।
अतिरिक्त बिल लौटाने के आदेश
शिकायत निवारण समिति की जांच में मरीजों से अधिक बिल वसूल किए जाने की पुष्टि होने पर मनपा द्वारा संबंधित अस्पतालों से मरीजों को अतिरिक्त बिल लौटाने के आदेश दिए जाने की जानकारी मिली है। इस मामले में अतिरिक्त आयुक्त जलज शर्मा से बात करने की कोशिश करने पर संपर्क नहीं हो पाया।
Created On :   26 May 2021 10:43 AM IST